जापान में 32 फीसदी लोग नहीं चाहते कि टोक्यो ओलंपिक हो, सर्वे में हुआ खुलासा
Tokyo Olympic Games 2020 के आयोजन के लिए खुद जापान के 30 फीसदी से ज्यादा लोग संतुष्ट नहीं है। उनका मानना है कि इस साल इन खेलों को आयोजन रद किया जाना चाहिए। 2020 की जगह 2021 में भी इन खेलों पर खतरा मंडरा रहा है।
टोक्यो, आइएएनएस। Tokyo Olympic and Paralympic Games 2020: जापान के टोक्यो में 2020 में ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों का आयोजन होना था, लेकिन कोरोना वायरस महामारी की वजह से इन खेलों को स्थगित कर दिया गया। ऐसे में 2021 में इन खेलों की मेजबानी टोक्यो को ही करनी थी, लेकिन अब जापान में करीब 32 फीसदी लोगों का कहना है कि अगले साल होने वाले टोक्यो ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों को कैंसिल कर देना चाहिए।
हाल ही में हुए एक ताजा ओपिनियन पोल में इसका खुलासा हुआ है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, जापान के प्रसारणकर्ता एनएचके ने पिछले सप्ताह एक टेलीफोन सर्वे किया था, जिसमें उसे 1200 से अधिक लोगों के जवाब मिले थे। प्रसारणकर्ता ने इन लोगों से पूछा था कि क्या 2021 में ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों का आयोजन होना चाहिए या नहीं होना चाहिए।
एनएचके ने अपने सर्वे में पाया कि 27 फीसदी लोग मानते हैं कि इन खेलों का आयोजन होना चाहिए, जबकि 32 फीसदी लोगों का कहना है कि इन खेलों को रद कर देना चाहिए। वहीं, 31 फीसदी लोगों की अलग राय है। उनका मानना है कि टोक्यो ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों को भविष्य के लिए स्थगित कर देना चाहिए। इससे पहले, अक्टूबर में भी एक सर्वे किया था, जिसमें 40 फीसदी लोगों ने कहा था कि इन खेलों का आयोजन होना चाहिए, जबकि 23 फीसदी लोगों ने कहा था कि इसे रद कर देना चाहिए। वहीं, 25 फीसदी लोगों ने कहा था कि इसे स्थगित कर देना चाहिए।
उधर, जापान के प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा पहले ही इस बात का वादा कर चुके हैं कि उनकी सरकार अगले साल सुरक्षित ओलंपिक आयोजित कराने को लेकर प्रतिबद्ध है। टोक्यो ओलंपिक खेलों का आयोजन इस साल जुलाई-अगस्त में होना था, लेकिन कोरोना वायरस महामारी के कारण इसे 2021 तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। अब देखना ये है कि क्या ये खेल 2021 में अपने तय समय पर शुरू होंगे या नहीं?