Asian Games 2026: नायब सूबेदार नीरू ढांडा का कमाल, रोमांचक मैच में गोल्ड पर साधा निशाना; एक ही दिन में जीते दो मेडल
भारतीय निशानेबाज नीरू ढांडा ने एशियन गेम्स-2026 में महिला व्यक्तिगत ट्रैप स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता है। यह भारत का इन खेलों में पांचवां गोल्ड है।

नीरू ढांडा ने किया कमाल

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय निशानेबाज नीरू ढांडा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एशियन गेम्स-2026 में मंगलवार को महिलाओं की व्यक्तिगत ट्रैप स्पर्धा में गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। यह भारत का आइची-नागोया में हो रहे इन खेलों में कुल पांचवां गोल्ड मेडल है। नीरू ने क्वालिफिकेशन में टॉप पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाई थी और यहां भी वह टॉप पर ही रहीं।
इससे पहले उन्होंने भारत को महिला ट्रैप टीम स्पर्धा में सिल्वर मेडल दिलाने में मदद की थी। इसी के साथ उनके हिस्से मौजूदा एशियन गेम्स में दो मेडल आ गए हैं।
ऐसा रहा मैच
भारतीय सेना में नायब सूबेदार नीरू ने फाइनल की शुरुआत दमदार तरह से की और पहली सीरीज में सभी पांचों निशाने सटीक लगाए। दूसरी सीरीज में वह एक निशाना चूक गईं, लेकिन उन्होंने शांत रहते हुए वापसी की और मेडल की रेस में बनी रहीं। तीसरी सीरीज में उन्होंने फिर शानदार खेल दिखाया और टॉप पर आ गईं। चौथी सीरीज में भी उन्होंने यही प्रदर्शन जारी रखा। चार सीरीज के बाद उनका स्कोर 20 में से 19 था। उनके पीछे चीन की सुन योनोंग थीं। 25 शॉट के बाद नीरू ने चीन की खिलाड़ी पर 23-21 की बढ़त ले ली थी। वहीं कुवैत की हजर अब्दुलमलिक भी 21 के स्कोर पर थीं। हालांकि,बाद में वह ब्रॉन्ज मेडल पर ही रह गईं।
नीरू और सुन के बीच गोल्ड मेडल की लड़ाई थी। निर्णायक मौके पर नीरू ने शानदार खेल दिखाया और गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
टीम के साथ जीता सिल्वर
इससे पहले नीरू ने आशीमा अहलावत (106) और मनीषा कीर (104) के साथ मिलकर भारत को ट्रैप टीम इवेंट में सिल्वर दिलाया। भारतीय तिकड़ी ने कुल 328 अंक हासिल किए। चीन 346 अंकों के साथ पहले स्थान पर रहते हुए गोल्ड जीतने में सफल रहा।
