National Sports Day 2019: आज राष्ट्रपति करेंगे 32 खिलाड़ियों को पुरस्कृत
आज राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद भारत के लिए खेल जगत में गौरव हासिल करने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार से सम्मानित करेंगे।
नई दिल्ली, जेएनएन। भारतीय हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद का आज जन्मदिन है। उनकी याद में आज के दिन को खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है। आज राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद भारत के लिए खेल जगत में गौरव हासिल करने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार से सम्मानित करेंगे।
रियो पैरालंपिक की पदक विजेता पैरा एथलीट दीपा मलिक को आज राष्ट्रपति भवन में देश के सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न से नवाजा जाएगा। वहीं जकार्ता एशियाई खेलों के भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतने वाले पहलवान बजरंग को भी इस सम्मान से नवाजा जाएगा।
हालांकि पुनिया यह सम्मान लेने के लिए मौजूद नहीं होंगे। इस समय वह अगले माहीने से शुरू हो रही वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए तैयारी में जुटे हैं। विश्व चैंपियनशिप के बाद पुनिया यह सम्मान खेल मंत्री किरन रिजिजू से ग्रहण करेंगे।
गौरतलब है कि खेल दिवस पर कुल 32 खिलाड़ियों को यह सम्मानित किया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त जज मुकंदकम शर्मा की अगुआई में 12 सदस्यीय कमेटी ने खेल रत्न (2), अर्जुन अवॉर्ड (19) और द्रोणाचार्य अवॉर्ड (6) और ध्यानचंद अवॉर्ड (5) के लिए खिलाड़ियों का चयन किया गया है।