हरियाणा के मोहित ने 15वीं राष्ट्रीय यूथ एथलेटिक्स चैंपियनशिप में बनाया राष्ट्रीय रिकॉर्ड
मोहित ने 10 स्पर्धाओं के बाद कुल 6707 अंकों के साथ ए सांगवान द्वारा 6618 अंकों के साथ पिछले साल बनाए गए रिकॉर्ड को तोड़ा।
वडोदरा, प्रेट्र। हरियाणा के एथलीट मोहित कुमार ने 15वीं राष्ट्रीय यूथ एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरुषों की डेकाथेलॉन स्पर्धा का नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। मोहित ने 10 स्पर्धाओं के बाद कुल 6707 अंकों के साथ ए सांगवान द्वारा 6618 अंकों के साथ पिछले साल बनाए गए रिकॉर्ड को तोड़ा।
मोहित को आंध्र प्रदेश के सौरभ राठी से कड़ी चुनौती मिली, जो उनसे केवल दो अंक पीछे रहे और कुल 6705 अंकों के साथ उन्होंने भी पिछले राष्ट्रीय यूथ रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। इसके अलावा इन दोनों ने मीट रिकॉर्ड को भी बड़े अंतर से पीछे छोड़ा जो कि 2016 में राजेश ने 6198 अंकों के साथ थेहनीपालम में बनाया था।
महाराष्ट्र के उसैद खान ने मीट रिकॉर्ड को तोड़ते हुए 6429 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। खान शुरुआती पांच स्पर्धाओं में पहले स्थान पर थे। अन्य नतीजों में उत्तर प्रदेश के राहुल शर्मा ने 100 मीटर रेस में 10.80 सेकेंड के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं लड़कियों की 100 मीटर की फाइनल रेस में कर्नाटक की जोसना सिमोव ने 12.23 सेकेंड के साथ पहला स्थान हासिल किया।
क्रिकेट की खबरों के लिए यहां क्लिक करें