केडी जाधव को मिलेगा पद्म विभूषण! महाराष्ट्र सरकार ने केंद्र को भेजा प्रस्ताव
महाराष्ट्र सरकार ने बॉम्बे हाई कोर्ट को सूचित किया है कि उसने देश के पहले व्यक्तिगत ओलंपिक पदक विजेता खशाबा दादासाहेब जाधव को मरणोपरांत पद्म विभूषण देने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा है।

केडी जाधव को पद्म विभूषण की मांग तेज

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पीटीआई, मुंबई: महाराष्ट्र सरकार ने बांबे हाई कोर्ट को सूचित किया है कि उसने देश के पहले व्यक्तिगत ओलंपिक पदक विजेता पहलवान खशाबा दादासाहेब जाधव को मरणोपरांत पद्म विभूषण पुरस्कार देने का प्रस्ताव पहले ही भेज दिया है।
सरकार ने पिछले सप्ताह हाई कोर्ट की कोल्हापुर पीठ को बताया कि 31 जुलाई को नामांकन की तिथि खत्म होने से काफी पहले 'पद्म पुरस्कार 2027' के लिए एक नया प्रस्ताव भेजा जाएगा।
केंद्र और राज्य सरकार से पूछा था सवाल
जस्टिस माधव जामदार और जस्टिस प्रवीण पाटिल की पीठ ने पिछले महीने केंद्र और राज्य सरकार से यह निर्णय लेने के लिए कहा था कि क्या महाराष्ट्र के पहलवान जाधव को मरणोपरांत पद्म विभूषण दिया जाएगा या नहीं, जो देश के पहले व्यक्तिगत ओलंपिक पदक विजेता थे। कोर्ट ने सात मई को राज्य सरकार की बात स्वीकार कर ली और मामले की अगली सुनवाई 30 जून को निर्धारित की।
बेटे ने दायर की याचिका
हाई कोर्ट उनके बेटे रंजीत जाधव द्वारा स्थापित ''कुश्तीवीर खशाबा जाधव फाउंडेशन'' की ओर से दाखिल याचिका पर सुनवाई कर रहा था। इसमें खशाबा जाधव को मरणोपरांत देश का दूसरा सबसे बड़ा नागरिक पुरस्कार पद्म विभूषण देने की मांग की गई है। जाधव ने 1952 में हेलेंसकी ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था। उन्हें 2001 में मरणोपरांत अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। उनका निधन निधन 1984 में हुआ था।