दीपिका-जोशना का स्वदेश वापसी पर जोरदार स्वागत
कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतकर स्वदेश लौटीं भारतीय महिला स्क्वॉश स्टार दीपिका पल्लीकल और जोशना चिनप्पा का जोरदार स्वागत किया गया।
चेन्नई, प्रेट्र। गोल्ड कोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतकर स्वदेश लौटीं भारतीय महिला स्क्वॉश स्टार दीपिका पल्लीकल और जोशना चिनप्पा का जोरदार स्वागत किया गया। 2014 ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता पल्लीकल और जोशना को गोल्ड कोस्ट में महिला डबल्स के फाइनल में हार मिली थी, जिसके बाद उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा था। इसके अलावा पल्लीकल ने सौरव घोषाल के साथ मिलकर मिक्स्ड डबल्स का ऐतिहासिक रजत पदक भी जीता था।
स्वदेश लौटने के बाद जोशना ने कहा, चार साल में स्क्वॉश में काफी कुछ हुआ। उस समय हमने पोडियम पर जगह बनाई थी और लक्ष्य यह था कि इस बार भी हम इससे नहीं चूकें। इस लिहाज से देखा जाए तो यह संतोषजनक प्रदर्शन है। हमें अगस्त में होने वाले एशियन गेम्स की अगली बड़ी चुनौती के लिए कड़ी मेहनत करने का प्रोत्साहन मिला है।
पल्लीकल ने कहा कि यह संतोषजनक बात है कि वे खाली हाथ नहीं लौटीं। साथ ही इन दोनों का मानना है कि खेलों में रेफरी का स्तर बेहतर हो सकता था। जोशना ने कहा, फाइनल के बाद इस मामले में न्यूजीलैंड की खिलाड़ी भी हमारे साथ सहमत थीं।
देर रात पहुंचने के बावजूद ये सितारा स्क्वॉश खिलाड़ी अपने इस भव्य स्वागत से हैरान थीं। हरिंदर पाल संधू और राष्ट्रीय कोच साइरस पोंचा भी पदक विजेता इस जोड़ी के साथ भारत लौटे। कोच ने कहा कि यह बेहतरीन नतीजा है क्योंकि टीमों को क्वार्टर फाइनल में कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा था।
मालूम हो कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के पालानिस्वामी ने सोमवार को पल्लीकल के लिए 60 लाख, चिनप्पा और घोषाल के लिए 30-30 लाख रुपये के पुरस्कार की घोषणा की थी। इसके अलावा अचंत शरत कमल के साथ जी साथियान को भी नकद पुरस्कार दिया जाएगा।