जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने इंडियन ग्रां प्रि में जीता स्वर्ण पदक
चोपड़ा के अलावा पुरुषों के शॉट-पुट में तजिंदर पाल तूर (19.95 मीटर) ने स्वर्ण पदक हासिल किया।
पटियाला, पीटीआइ। जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने इंडियन ग्रां प्रि-1 में स्वर्ण पदक के साथ घरेलू टूर्नामेंट में वापसी की है। चोपड़ा ने 82.88 मीटर तक भाला फेंका और विपिन कसाना (80.04) से आगे निकले, जिन्होंने रजत पदक हासिल किया। अमित कुमार (77.33) ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।
20 वर्षीय चोपड़ा जर्मनी के शहर ओफेनबर्ग में वार्नर डेनियल्स के साथ अभ्यास कर रहे थे। तीन महीने के अभ्यास के बाद चोपड़ा राष्ट्रीय कैंप में लौटे जहां उन्होंने पूर्व विश्व रिकॉर्डधारी ओवे होम के साथ अपनी तैयारी को आगे बढ़ाया।
चोपड़ा के अलावा पुरुषों के शॉट-पुट में तजिंदर पाल तूर (19.95 मीटर) ने स्वर्ण पदक हासिल किया। तूर ने नवीन चकरा (19.08 मीटर) को पछाड़ा, जिन्हें रजत पदक के संतोष करना पड़ा। तीसरे स्थान पर रहते हुए परमजीत सिंह (16.74 मीटर) ने कांस्य पदक झटका। ऊंची कूद में नयना जेम्स और महिलाओं की चक्का फेंक में नवजोत ढिल्लन ने भी सुनहरी सफलता हासिल की।
ट्रिपल जंपर राकेश बाबू ने भी स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। 400 मीटर हर्डल में एमपी जाबिर (50.60 सेकेंड) ने अपना व्यक्तिगत रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक जीता। टिपल जंपर रेनू ने एनवी शीना को चौंकाते हुए स्वर्ण झटका। देश की स्टार धाविका दुति चंद ने 100 मीटर की दौड़ में 11.57 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता।