World Wrestling Championship: भारतीय पहलवानों का निराशाजनक प्रदर्शन, चार रेसलर पहले ही दौर में हारे
भारतीय पहलवानों का बुधवार को वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में प्रदर्शन निराशाजनक रहा। भारत के चार पहलवान शुरुआती दौर में हारकर बाहर हो गए।

रजनीता (Pic Credit- X)
HighLights
भारत के चार पहलवान शुरुआती दौर में ही हारे
निशु को एंड्रिया बीट्रिस एना से शिकस्त मिली
काजल धोचक और नीलम सिरोही से गोल्ड की उम्मीद
प्रेट्र, अस्ताना। भारत की दो महिला पहलवानों ने मंगलवार को जहां विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के फाइनल में प्रवेश करके उम्मीद जगाई थी, वहीं बुधवार को भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और उसके चार पहलवान शुरुआती दौर में हारकर बाहर हो गए।
भारत की तीन खिलाड़ी प्री क्वार्टर फाइनल में, जबकि एक खिलाड़ी को क्वालीफाइंग राउंड में हार का सामना करना पड़ा। महिला 65 किलोग्राम वर्ग में रजनीता का अभियान भी रेपचेज राउंड में जापान की नाना इकेहाता से 2-6 से हारने के बाद समाप्त हो गया।
निशु का सफर समाप्त
सबसे बड़ा झटका 53 किलोग्राम वर्ग में लगा, जहां निशु ने मोरक्को की सबा कानेब पर जीत से शुरुआत की लेकिन वह प्री क्वार्टर फाइनल में रोमानिया की एंड्रिया बीट्रिस एना से 0-8 से हार गईं।
सृष्टि ने महिलाओं के 68 किलोग्राम वर्ग में अपने पहले मुकाबले में उज्बेकिस्तान की फिरुजा एसेनबायेवा को 8-0 से हराकर शानदार शुरुआत की, लेकिन प्री क्वार्टर फाइनल में किर्गिस्तान की मीरिम झुमानाजारोवा से 1-5 से हार गईं।
दो पहलवानों ने जगाई उम्मीद
महिलाओं के 62 किलोग्राम वर्ग में नेहा सांगवान को रूस की शीर्ष वरीयता प्राप्त अमीना तांडेलोवा ने केवल 76 सेकंड में हरा दिया। तनु शर्मा का महिला 72 किलोग्राम वर्ग में अभियान क्वालीफाइंग राउंड में ही समाप्त हो गया, जब वह पोलैंड की विक्टोरिया चोलुज से 2-9 से हार गईं।
भारत की दो पहलवान दिन में बाद में स्वर्ण पदक के मुकाबले में खेलेंगी। इन खिलाड़ियों में काजल धोचक महिलाओं के 76 किलोग्राम वर्ग में और नीलम सिरोही 50 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक के लिए चुनौती पेश करेंगी। इन दोनों ने मंगलवार को फाइनल में जगह बनाई थी।
