अमृता का ऐतिहासिक कारनामा, विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंची; कोमल ने जीता कांस्य
अमृता पुजारी ने अंडर-23 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बना ली है। वहीं कोमल ने कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा है।
-1792170930906_m.webp)
अमृता पुजारी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
प्रेट्र, लास वेगास। भारत की अमृता पुजारी ने अंडर-23 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के महिला 72 किग्रा वर्ग के फाइनल में जगह बना ली। उन्होंने कजाखस्तान की सबिरझानोवा को 7-1 की बढ़त के बाद चित किया।
सेमीफाइनल में चीन की वेनजिन चिउ के विरुद्ध 10-8 की बढ़त लेने के बाद भी अमृता ने उन्हें चित कर दिया। महाराष्ट्र के सोलापुर की अमृता स्वर्ण पदक के मुकाबले में यूक्रेन की इरिना जाब्लोत्स्का से भिड़ेंगी।
कोमल ने जीता कांस्य
महिला 59 किग्रा वर्ग में कोमल ने कजाखस्तान की विक्टोरिया खुसैनोवा को 7-2 से हराकर कांस्य पदक जीता। वह सेमीफाइनल में यूक्रेन की अलीना फिलिपोविच से तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर हारने के बाद कांस्य पदक मुकाबले में पहुंची थीं।
इससे पहले कोमल ने कनाडा की एला फाइंडिंग को 1-1 की बराबरी के बाद मानदंड के आधार पर हराया और मोल्दोवा की मादालिना प्रिसाकारी को 8-3 से मात दी। 53 किग्रा वर्ग में स्वीटी रेपेचाज के जरिये कांस्य पदक की दौड़ में बनी हुई हैं।
क्वार्टर फाइनल में वह क्रिस्टेल रोड्रिगेज डोबलर से 2-11 से हारीं। डोबलर के फाइनल में पहुंचने से स्वीटी को रेपेचाज का मौका मिला है। कांस्य पदक मुकाबले में उनका सामना चीन की शियापतोंग जेंग से होगा। इससे पहले उन्होंने प्री-क्वार्टर फाइनल में कजाखस्तान की दिनारा दाउलकीजी को हराया था।
वैष्णवी पाटिल भी 65 किग्रा वर्ग में रेपेचाज के जरिये पदक की दौड़ में हैं। क्वार्टर फाइनल में रूस की एकातेरिना कोश्किना से तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर हारने के बाद उनका मुकाबला जापान की हारुका कोबारु से होगा।
दीक्षा मलिक महिला 76 किग्रा वर्ग में पांचवें स्थान पर रहीं। वीजा संबंधी दिक्कतों के कारण भारत महिला 50, 55, 57 और 62 किग्रा तथा ग्रीको-रोमन शैली के 60, 77, 82, 97 और 130 किग्रा वर्गों में पहलवान नहीं उतार सका। विश्वजीत मोरे ने ग्रीको-रोमन शैली के 55 किग्रा वर्ग में रजत पदक जीतकर भारत को प्रतियोगिता का पहला पदक दिलाया था।
