विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 04, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

भारत के स्टार मुक्केबाज अमित पंघाल को कभी तरसना पड़ा था रिंग के लिए, अब ओलंपिक में पंच जमाने को तैयार

By Sanjay SavernEdited By:
Published: Sun, 04 Jul 2021 07:14 PM (IST)Updated: Mon, 05 Jul 2021 12:09 PM (IST)

अमित को आर्थिक समस्या से लेकर खेल सुविधाओं तक की कमी से लंबे समय तक जूझना पड़ा था। इसके बावजूद उन्होंने कठिन परिश्रम और धैर्य का साथ नहीं छोड़ा। उनका कहना है कि गुरु ने जो भी ज्ञान दिया उस पर लगातार ध्यान केंद्रित किया।

भारत के स्टार बॉक्सर अमित पंघाल (एपी फोटो)
भारत के स्टार बॉक्सर अमित पंघाल (एपी फोटो)

अनिल भारद्वाज, गुरुग्राम। सामान्य सी कद-काठी वाला किशोर जब गुरुग्राम के नेहरू स्टेडियम में मुक्केबाजी का प्रशिक्षण लेने के लिए आया था तो तब किसी ने भी नहीं सोचा होगा कि एक दिन वह दुनिया में भारत का नाम स्वर्णिम अक्षरों में लिखेगा। आज यह स्टार मुक्केबाज विश्व रैंकिंग में पहले स्थान पर काबिज है और टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक का जोरदार दावेदार है। हम बात कर रहे हैं 52 किग्रा भारवर्ग के धुरंधर मुक्केबाज अमित पंघाल की। अमित को आर्थिक समस्या से लेकर खेल सुविधाओं तक की कमी से लंबे समय तक जूझना पड़ा था। इसके बावजूद उन्होंने कठिन परिश्रम और धैर्य का साथ नहीं छोड़ा। उनका कहना है कि गुरु ने जो भी ज्ञान दिया उस पर लगातार ध्यान केंद्रित किया। इसी का परिणाम है कि सफलता का मार्ग प्रशस्त होने लगा। 

शिष्य की जिद ने किया गुरु को मजबूर 

बात 2011-12 की है, जब हरियाणा शिक्षा बोर्ड में डीईपी पद पर कार्यरत पूर्व अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज व अमित के गुरु अनिल धनखड़ का तबादला रोहतक से गुरुग्राम हो गया। उस समय गुरुग्राम खेल विभाग के पास मुक्केबाजी रिंग नहीं होने के कारण उन्होंने यहां प्रशिक्षण का काम बंद कर दिया। अपने गुरु के पीछे-पीछे अमित भी रोहतक को छोड़ गुरुग्राम आ गए। प्रशिक्षक के मना करने के बाद भी अमित रोहतक नहीं लौटे। आखिरकार शिष्य की जिद के गुरु को मजबूर होना पड़ा और आगे प्रशिक्षण देने के लिए राजी हो गए। बिना रिंग के ही प्रशिक्षण का दौर चलता रहा। 

ओलंपिक को लक्ष्य बनाकर की तैयारी 

धनखड़ बताते हैं कि अमित में वह सब कुछ मौजूद था जो एक चैंपियन के लिए जरूरी होता है। गुरुग्राम में सुविधा नहीं होने की वजह से वह चाहते थे कि अमित रोहतक में ही प्रशिक्षण ले। अमित ने भी उन्हें कभी यह महसूस नहीं होने दिया कि वह रिंग के बिना प्रशिक्षण ले रहा है। अमित किसान पिता विजेंद्र सिंह के बेटे हैं। विजेंद्र सिंह का सपना था कि अमित के बड़े भाई अजय पंघाल देश के लिए खेलें, लेकिन ऐसा संभव नहीं हो पाया। अमित कहते हैं कि यह गुरु अनिल धनखड़ ही थे जिन्होंने एशियाई खेल और ओलंपिक का लक्ष्य लेकर प्रशिक्षण शुरू किया था।

जब गुरुजी कहते थे कि 2018 एशियाई खेल व टोक्यो ओलंपिक मे खेलना है तो मैं सोचता था कि यह कैसे संभव होगा। जब 2015 के 35वें राष्ट्रीय खेलों में जब देश के बड़े मुक्केबाजों ने खेलने से मना किया तो मुझे प्रदेश की तरफ से खेलने का मौका मिला और वहां पर रजत पदक जीतकर लाया। तब लगा कि वह देश का नाम रोशन करने के काबिल हूं। उसके बाद पीछे पलट कर नहीं देखा। वर्ष 2017 में जिले के कुछ लोगों के प्रयास से मुझे रिंग मिली और एक वर्ष रिंग में प्रैक्टिस करने का मौका मिला, जिसके बलबूते 2018 एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीत सका। 

पदक की राह में चुनौती 

टोक्यो की तैयारी करने के लिए इटली जाने से पहले अमित का कहना था कि 2019 विश्व चैंपियनशिप के फाइनल में ओलंपिक पदक विजेता उज्बेकिस्तान के मुक्केबाज शाखोबिदिन जोइरोव के हाथों 0-5 से हार मिली थी। अब 2021 एशियाई चैंपियनशिप में बराबरी के मुकाबले में हार मिली। अब हमारे बीच से कौन बेहतर लड़ता है वह फर्क खत्म हो चुका है। मुझे पूरा विश्वास है मैं टोक्यो में उसे हार का जख्म दूंगा। टोक्यो में किसी राउंड का मुकाबला आसान नहीं है।

अमित की उपलब्धियां 

- 2017 एशियाई चैंपियनशिप में कांस्य पदक

- 2018 एशियाई खेल में स्वर्ण पदक

- 2018 कामनवेल्थ खेलों में रजत पदक

- 2019 विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक

- 2019 एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक

- 2021 एशियन चैंपियनशिप में रजत पदक

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।