विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Asian Games 2026: स्‍क्‍वाश और तीरंदाजी के क्‍वार्टर फाइनल में पहुंचा भारत, टेनिस भी खिलाड़‍ियों ने बजाया जीत का डंका

Published: Tue, 29 Sep 2026 07:14 PM (IST)

भारत ने एशियन गेम्‍स 2026 में तीरंदाजी, टेनिस और स्‍क्‍वाश में शानदार प्रदर्शन किया। तीरंदाजी और स्‍क्‍वाश में भारत ने क्‍वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

धीरज बोम्मादेवरा, अनाहत सिंह और सुमित नागल

धीरज बोम्मादेवरा, अनाहत सिंह और सुमित नागल

HighLights

  1. नीरज ने ओलिंपिक गोल्‍ड मेडलिस्‍ट को हराया

  2. सुमित नागल ने सिंगल्‍स में विजयी शुरुआत की

  3. महिला स्‍क्‍वाश में भारत प्‍वाइंट्स टेबल में टॉप पर है

प्रेट्र, नागोया। भारतीय तीरंदाज धीरज बोम्मादेवरा, नीरज चौहान और कुमकुम मोहोद अनिल ने मंगलवार को एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए रिकर्व क्वार्टर फाइनल में स्थान बनाया। नीरज चौहान ने पुरुषों के व्यक्तिगत 1/8 एलिमिनेशन राउंड में दक्षिण कोरिया के तीन बार के ओलिंपिक स्वर्ण पदक विजेता किम जे डियोक को 6-4 से हराया।

बोम्मादेवरा ने चीनी ताइपे के चेंग ह्सियांग-हुई को 6-2 से पराजित किया। बोम्मादेवरा का अगला मुकाबला उज्बेकिस्तान के अमीरखोन सादिकोव से होगा, जबकि चौहान का सामना भूटान के लाम दोर्जी से होगा।

कुमकुम मोहोद अनिल ने महिलाओं के रिकर्व 1/8 एलिमिनेशन राउंड में बांग्लादेश की साइमा सलाह उद्दीन को 6-0 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई। हालांकि, कीर्ति दक्षिण कोरिया की कांग चेयांग से 3-7 से हार गईं और क्वार्टर फ़ाइनल में नहीं पहुंच सकीं।

दक्षिणेश्वर और सुमित ने अंतिम-16 में जगह बनाई

भारतीय टेनिस खिलाड़ी दक्षिणेश्वर सुरेश और सुमित नागल ने एशियाई खेलों में अपने पुरुष सिंगल्स अभियान की शुरुआत जीत के साथ की।

दक्षिणेश्वर ने इंडोनेशिया के गुनावन ट्रिस्मुवंतारा को 7-5, 7-6(2) से हराया, जबकि नागल ने बारिश से बाधित मैच में दक्षिण कोरिया के सियोंगचन होंग को 6-4, 6-0 से मात दी। दक्षिणेश्वर को पहले दौर में बाई मिली थी। अगले दौर में नागल का मुकाबला उज्बेकिस्तान के सर्गेई फोमिन से होगा।

स्क्वाश में ईरान को हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंचा भारत

भारतीय महिला स्क्वाश टीम ने एशियाई खेलों में अपने आखिरी ग्रुप-स्टेज मैच में ईरान को 3-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। पहले सिंगल्स मैच में तन्वी खन्ना की प्रतिद्वंद्वी नरगेस सोल्तानी ने मैच से हटने का निर्णय लिया।

अनाहत सिंह ने फरिश्तेह एघतेदारी को 3-0 से हराया, जबकि जोशना चिनप्पा ने नजमेह बौशेहरीज़ादेह को 3-0 से पराजित किया। भारत अंक तालिका में शीर्ष पर है और अब क्वार्टर फाइनल में उनका मुकाबला सिंगापुर से होगा।

यह भी पढ़ें- Asian Games 2026 Live: महिला रिले टीम ने जीता गोल्ड, पुरुष टीम को मिला ब्रॉन्ज; भारत के कुल मेडल की संख्‍या 52 हुई

यह भी पढ़ें- Asian Games 2026: नायब सूबेदार नीरू ढांडा ने रचा इतिहास, रोमांचक मैच में गोल्ड पर साधा निशाना; एक ही दिन में जीते दो मेडल