आइसीसी को क्रिकेट के ओलिंपिक में शामिल होने की उम्मीद, प्रारंभिक सूची में इस खेल को नहीं मिली जगह
आइओसी की प्रारंभिक सूची में जगह नहीं मिलने के बावजूद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट समिति (आइसीसी) को उम्मीद है क्रिकेट अतिरिक्त खेल के रूप में 2028 में लास एंजिल्स में होने वाले ओलिंपिक खेलों में स्थान पाने में सफल रहेगा।
नई दिल्ली, प्रेट्र। अंतरराष्ट्रीय ओलिंपिक समिति (आइओसी) की प्रारंभिक सूची में जगह नहीं मिलने के बावजूद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट समिति (आइसीसी) को उम्मीद है क्रिकेट अतिरिक्त खेल के रूप में 2028 में लास एंजिल्स में होने वाले ओलिंपिक खेलों में स्थान पाने में सफल रहेगा। आइओसी ने ओलिंपिक 2028 के लिए 28 खेलों की प्रारंभिक सूची जारी की थी जिसमें स्केटबोर्डिंग, सर्फिंग और स्पोर्ट क्लाइंबिंग भी शामिल हैं।
मुक्केबाजी, भारोत्तोलन और माडर्न पेंटाथलान को इसमें शामिल नहीं किया गया है। इन खेलों के संबंधित अंतरराष्ट्रीय महासंघों को ओलिंपिक 2028 में अपना स्थान सुरक्षित करने और कुछ मानदंडों को पूरा करने के लिए 2023 तक का समय दिया गया है। इस सूची को अगले साल फरवरी में बीजिंग में आइओसी बैठक में मंजूरी के लिए रखा जाएगा जो कि महज औपचारिक होने की संभावना है। मेजबान शहर लास एंजिल्स ओलिंपिक 2028 में शामिल करने के लिए 2023 में अतिरिक्त खेलों का प्रस्ताव रख सकता है और आइसीसी को उम्मीद है कि इनमें क्रिकेट भी शामिल होगा।
आठ वर्ष के धूत सर्वाधिक रेटिंग वाले शतरंज खिलाड़ी बने
मुंबई, प्रेट्र। मुंबई के युवा शतरंज खिलाड़ी अदवय धूत ने हाल ही में यूरोपीय सर्किट में विभिन्न टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया जिससे वह देश में अपनी श्रेणी में सर्वाधिक रेटिंग वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
जर्मनी और फ्रांस में प्रभावशाली प्रदर्शन के कारण आठ वर्षीय धूत ने विश्व शतरंज महासंघ की हाल में जारी रेटिंग में भारत में अपनी श्रेणी की रैंकिंग में शीर्ष चार में प्रवेश किया। धूत दुनिया में सबसे कम उम्र के रेटिंग वाले खिलाड़ी हैं। वह वर्तमान में 1337 ईएलओ रेटिंग के साथ महाराष्ट्र में शीर्ष स्थान पर हैं।
दारुवाला ने दर्ज की सत्र की दूसरी जीत
अबूधाबी, प्रेट्र। भारत के जेहान दारुवाला ने शनिवार को यहां दबाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए 2021 फार्मूला टू सत्र में अपनी दूसरी जीत दर्ज की। मुंबई के 23 वर्षीय खिलाड़ी ने फीचर रेस के लिए 10वें स्थान से क्वालीफाई करने के बाद पोल पोजीशन (शीर्ष स्थान) से स्प्रिंट रेस शुरू की थी।
कार्लिन टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले इस भारतीय ने शुरुआत में अपनी बढ़त कायम रखी लेकिन बाद में ब्राजील के फेलिपे द्रुगोविक ने उन्हें कड़ी टक्कर दी और उनसे आगे निकल गए। जेहान ने आखिरी क्षणों में शानदार वापसी करते हुए ब्राजील के खिलाड़ी को दो सेकेंड से पछाड़ दिया। आस्ट्रेलिया के आस्कर पियस्ट्री ने तीसरे स्थान पर रहते हुए फार्मूला टू सत्र का खिताब अपने नाम किया।
रोइंग में भारत ने जीते स्वर्ण और रजत पदक
रायोंग, आइएएनएस। अर्जुन लाल जाट और रवि की पुरुष डबल्स जोड़ी ने शनिवार को यहां 2021 एशियन रोइंग चैंपियनशिप में स्वर्ण और परमिंदर सिंह ने सिंगल स्कल्स में रजत पदक जीता।
डबल स्कल्स फाइनल में भारत के अर्जुन लाल और रवि ने 6:57.383 मिनट में पहले स्थान पर फिनिश लाइन को पार किया। वे चीन के झांग ली किंग और लू टिंग (7:02.357) से आगे रहे जिन्हें रजत पदक मिला, जबकि उज्बेकिस्तान के एम. दावरोनोव और ए. दोजरेव (7:07.734) को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। परमिंदर सिंह उज्बेकिस्तान के शाखबोज खुलमुरजेव के बाद 8:07.323 के साथ पुरुषों के सिंगल स्कल्स में रजत पदक जीतकर दूसरे स्थान पर रहे।