20 साल की हिमा दास खेल रत्न पुरस्कार के लिए नामित, लिस्ट में शामिल सबसे युवा एथलीट
2018 में शानदार प्रदर्शन करने वाली देश की शीर्ष फर्राटा धाविका हिमा दास के नाम की असम सरकार ने खेल रत्न पुरस्कार के लिए अनुशंसा की है।
नई दिल्ली, पीटीआइ। भारत की युवा स्टार धावक हिमा दास का नाम इस साल दिए जाने वाले खेल से सबसे बड़े सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न के लिए नामांकित किया गया है। हिमा ने अपनी प्रतिभा से छोटे से करियर में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनके नाम की सिफारिश उनके खेल विभाग नहीं बल्कि असम राज्य की तरफ से किया गया है।
2018 में शानदार प्रदर्शन करने वाली देश की शीर्ष फर्राटा धाविका हिमा दास के नाम की असम सरकार ने खेल रत्न पुरस्कार के लिए अनुशंसा की है। असम के खेल सचिव दुलाल चंद्र दास ने खेल मंत्रालय को पांच जून को अनुशंसा पत्र भेजा। 20 जुलाई तक इस साल दिए जाने वाले खेल सम्मान के लिए नाम को भेजने की आखिरी तारीख है। 29 अगस्त को खेल दिवस के दिन सम्मान के लिए चुने जाने वाले खिलाड़ियों इसे प्रदान किया जाएगा।
असम के धींग गांव की रहने वाली 20 वर्ष की दास इस साल खेल रत्न के लिए नामित सबसे युवा खिलाड़ी हैं। फिनलैंड में 2018 में अंडर-20 विश्व चैंपियनशिप में वैश्विक खिताब जीतने वाली हिमा भारत की पहली ट्रैक एथलीट हैं। हिमा ने 2018 में अंडर-20 विश्व खिताब के अलावा जकार्ता एशियन गेम्स में 400 मीटर में रजत, चार गुणा 400 मीटर रिले और महिला चार गुणा 400 मीटर में स्वर्ण पदक जीता। उन्हें 2018 में अर्जुन पुरस्कार मिला था ।
साल से इस सबसे बड़े खेल सम्मान के लिए हिमा के अलावा भालाफेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा, पहलवान विनेश फोगाट, टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा, महिला हॉकी कप्तान रानी रामपाल और क्रिकेटर रोहित शर्मा का नामांकन भी देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार के लिए किया गया है।