विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CWG 2026: गुलवीर सिंह ने ब्रॉन्ज जीतकर रचा इतिहास, उन्नति ने जूडो में दिलाया भारत को चौथा मेडल

Published: Sun, 02 Aug 2026 08:35 AM (IST)

गुलवीर सिंह ने 5000 मीटर रेस में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा। वहीं, उन्नति शर्मा ने जूडो में महिलाओं के 63 किलोग्राम वर्ग में भारत के लिए कांस्य पदक जीता।

उन्नति शर्मा और गुलवीर सिंह ने रचा इतिहास

उन्नति शर्मा और गुलवीर सिंह ने रचा इतिहास

HighLights

  1. गुलवीर सिंह ने 5000 मीटर रेस में कांस्य पदक जीता

  2. वे CWG में इस स्पर्धा में पदक जीतने वाले पहले भारतीय

  3. उन्नति शर्मा ने जूडो में भारत को कांस्य पदक दिलाया

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स में बीता दिन भारत के लिए ऐतिहासिक रहा। मुक्केबाजों ने जहां पदकों की बारिश कर दी वहीं एथलेटिक्स में भी गुलवीर सिंह ने इतिहास के पन्नों में अपना नाम लिखवा लिया। जूडो में भी महिला खिलाड़ी उन्नति ने देश की झोली में एक और मेडल डाला।

गुलवीर सिंह ने 5000 मीटर रेस में 13 मिनट 24.95 सेकेंड का समय निकालते हुए तीसरा स्थान प्राप्त करते हुए ब्रॉन्ज मेडल जीता। इसी के साथ वह कॉमनवेल्थ गेम्स में इस स्पर्धा में पदक जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं।
ये गुलवीर का इन खेलों में दूसरा पदक है। इससे पहले उन्होंने 28 जुलाई को 10,000 मीटर में सिल्वर मेडर अपने नाम किया था।

उन्नति का जलवा

भारतीय जूडो खिलाड़ी उन्नति शर्मा ने शनिवार को राष्ट्रमंडल खेलों में महिलाओं के 63 किलोग्राम से कम भारवर्ग में दक्षिण अफ्रीका की स्काई नोएस्टर को इप्पोन के जरिए हराकर कांस्य पदक जीत लिया। उन्नति ने शानदार तकनीक का प्रदर्शन करते हुए अपने पैर से स्काई का संतुलन बिगाड़ा और फिर उन्हें पीठ के बल पटककर इप्पोन हासिल कर मुकाबला महज एक मिनट सात सेकेंड में खत्म कर दिया।

जूडो में इप्पोन सबसे बड़ा स्कोर होता है और इसके साथ ही मुकाबला तुरंत समाप्त हो जाता है। इससे पहले उन्नति को सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया की साया मिडिलटन से हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन उन्होंने जोरदार वापसी करते हुए कांस्य पदक जीतकर पोडियम पर अपनी जगह सुनिश्चित की।

इनुंगानबी और करणजीत नहीं जीत सके मेडल

हालांकि इनुंगानबी तकेल्लाम्बम (महिलाओं के 70 किग्रा से कम भार वर्ग) और करणजीत सिंह मान (पुरुषों के 90 किग्रा से कम भार वर्ग) का अभियान समाप्त हो गया। दोनों को रेपेशाज राउंड के जरिए वापसी का मौका मिला था, लेकिन वे इसका फायदा उठाने में नाकाम रहे।

यह भी पढ़ें- CWG 2026: सचिन के 'गोल्डन पंच' पर झूम उठा भिवानी, मिताथल गांव में देर रात तक गूंजता रहा जश्न

यह भी पढ़ें- CWG 2026: वाह गोल्डन गर्ल्स! कमाल कर दिया... ग्लास्गो में मिनी क्यूबा भिवानी की चारों बेटियों ने जीते गोल्ड मेडल