विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Denmark Open: पीवी सिंधु-लक्ष्य सेन पहले ही दौर में ढेर, किदांबी श्रीकांत और तन्वी शर्मा ने जगाईं भारत की उम्मीदें

Published: Wed, 14 Oct 2026 09:41 AM (IST)

डेनमार्क ओपन में पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन अपना मुकाबला हारकर बाहर हो गए। किदांबी श्रीकांत और तन्वी शर्मा ने जीत के साथ अगले दौर में जगह बनाई।

पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन

पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। डेनमार्क ओपन 2026 में मंगलवार को भारत की शुरुआत मिली-जुली रही। दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन पहले ही दौर से बाहर हो गए। वहीं, किदांबी श्रीकांत और तन्वी शर्मा ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में जगह बना ली है।

सिंधु को जर्मनी की यूवोन ली के हाथों एक कड़े मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा, जबकि लक्ष्य को पुरुष सिंगल्स मुकाबले में चाइनीज ताइपेइ के चाउ टीन चेन ने हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।

अनुभवी श्रीकांत ने अपना मुकाबला जीतकर पुरुष सिंगल्स में भारत की उम्मीदों को जिंदा रखा, जबकि तन्वी ने जापान की नातसुकी निदायरा को हराकर शानदार शुरुआत की और प्री-क्वार्टरफाइनल्स में जगह बना ली।

जीता हुआ मैच हार गईं सिंधु

सिंधु ने मुकाबले की शानदार शुरुआत की थी। उन्होंने पहला सेट 21-13 से आसानी से जीत लिया था। इसके बाद दूसरे सेट में कड़ी टक्कर देखने को मिली। हालांकि, दूसरा सेट ली ने 25-23 से अपने नाम कर लिया।

तीसरे और निर्णायक सेट में सिंधु के पास 19-15 की बढ़त थी। उन्हें अगले दौर में पहुंचने के लिए सिर्फ दो प्वाइंट्स की जरुरत थी। मगर वो दो अंक हासिल करने में नाकामयाब रहीं। ली ने 21-19 से तीसरा सेट जीतकर मैच अपने नाम कर लिया।

लक्ष्य का खराब प्रदर्शन जारी

लक्ष्य का इस साल खराब प्रदर्शन डेनमार्क ओपन में भी जारी रहा। लक्ष्य इस साल आठवीं बार पहले दौर में ही बाहर हो गए। आल इंग्लैंड ओपन फाइनल में पहुंचने के बाद लक्ष्य का प्रदर्शन लगातार गिरता ही रहा है।

लक्ष्य को चेन ने दूसरे और तीसरे सेट में हराकर मैच अपने नाम कर लिया। लक्ष्य ने पहला सेट 21-18 से जीतकर अच्छी शुरुआत की थी। मगर चेन ने शानदार वापसी करते हुए 21-13 और 21-15 से मात देकर लक्ष्य को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।

श्रीकांत-तन्वी रखीं भारत की उम्मीदें जिंदा

श्रीकांत ने मेंस सिंगल्स और तन्वी ने महिला एकल में भारत की उम्मीदें जिंदा रखीं हैं। श्रीकांत ने फ्रांस के आर्नोड मर्कल को सीधे सेटों में 22-20, 21-19 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। हालांकि अगले दौरे में उन्हें कड़ी टक्कर मिलेगी, जहां उनका सामना विश्व नंबर-8 एलेक्स लेनियर से मुकाबला होगा।

तन्वी ने नातसुकी को पहले सेट में 21-17 से हराकर बेहतरीन शुरुआत की। इसके बाद नातसुकी ने शानदार वापसी करते हुए तन्वी को 21-16 से मात दी। हालांकि, तन्वी ने 21-19 से जीतकर मैच अपने नाम कर लिया।

यह भी पढ़ें- जब 2019 वर्ल्‍ड कप सेमीफाइनल में हार के बाद MS Dhoni रो पड़े, ड्रेसिंग रूम में माही ने कही दिल की बात

यह भी पढ़ें- वेस्टइंडीज के खिलाफ चौथे T20I मैच से पहले टीम इंडिया को सता रहा डर, तिलक वर्मा ने बताया क्या होगा सबसे बड़ा खतरा?