विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

DPVL: दिल्ली प्रो वॉलीबॉल लीग का अनावरण, 2026 में खेला जाएगा पहला सीजन

Published: Fri, 30 Jan 2026 09:00 PM (IST)

दिल्ली प्रो वॉलीबॉल लीग (DPVL) का आधिकारिक शुभारंभ किया गया। इस लीग को दिल्ली वॉलीबॉल एसोसिएशन के साथ ही दिल्ली ...और पढ़ें

दिल्ली प्रो वॉलीबॉल लीग।

दिल्ली प्रो वॉलीबॉल लीग।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में वॉलीबॉल प्रतिभाओं को एक संगठित, पेशेवर और स्थायी मंच प्रदान करने के उद्देश्य से दिल्ली प्रो वॉलीबॉल लीग (DPVL) का आधिकारिक शुभारंभ किया गया। इस लीग को दिल्ली वॉलीबॉल एसोसिएशन के साथ ही दिल्ली ओलंपिक एसोसिएशन का भी समर्थन प्राप्त है। पूर्व राष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी नीति रावत और जसौदा गुल्लिया ने संयुक्त रूप से दिल्ली प्रो वॉलीबॉल लीग की औपचारिक घोषणा की। यह लीग वर्ष 2026 में अपने पहले सीजन के साथ मैदान में दर्शकों को रिझाते नजर आएगी।

इस अवसर पर कुलदीप वत्स, अध्यक्ष, दिल्ली ओलंपिक एसोसिएशन एवं संयुक्त सचिव, वॉलीबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि, "दिल्ली ने हमेशा उत्कृष्ट वॉलीबॉल प्रतिभाएं पैदा की हैं। दिल्ली प्रो वॉलीबॉल लीग एक समयोचित और अत्यंत आवश्यक पहल है, जो खिलाड़ियों को एक पेशेवर मार्ग प्रदान करेगी और राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर वॉलीबॉल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत बनाएगी।"

चर्चा को आगे बढ़ाते हुए दिल्ली वॉलीबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुधीर वत्स ने कहा कि, "यह लीग दिल्ली की वॉलीबॉल प्रतिभाओं की पहचान, उनके पोषण और उन्हें बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। पारदर्शी संरचना और निष्पक्ष अवसरों के साथ डीपीवीएल भारत में राज्य-स्तरीय प्रोफेशनल लीग्स के लिए एक मानक बन सकती है।"

जैसा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि, "वॉलीबॉल केवल एक खेल नहीं है, यह समन्वय, सहयोग और सामूहिक शक्ति का निर्माण करता है।" इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए और भारत की बढ़ती खेल अर्थव्यवस्था के अनुरूप, राष्ट्रीय राजधानी अब पेशेवर वॉलीबॉल के मानचित्र पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराने के लिए तैयार है।

दिल्ली प्रो वॉलीबॉल लीग में कुल छह फ्रेंचाइज़ी टीमें शामिल होंगी। इसमें दिल्ली के साथ-साथ देशभर के खिलाड़ी भाग लेंगे। खिलाड़ियों का चयन आगामी महीनों में आयोजित होने वाले निष्पक्ष और खुले ट्रायल्स के माध्यम से किया जाएगा।

लीग की दीर्घकालिक सोच पर प्रकाश डालते हुए दिल्ली प्रो वॉलीबॉल लीग के सह-संस्थापक जसौदा गुल्लिया ने कहा कि, "हमारा लक्ष्य एक पेशेवर लीग बनाना है, जो खिलाड़ियों, फ्रेंचाइजी और साझेदारों को स्थिरता, पारदर्शिता और दीर्घकालिक मूल्य प्रदान करे। डीवीपीएल केवल मैचों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक ऐसा खेल पारिस्थितिकी तंत्र तैयार करना चाहता है, जहां वॉलीबॉल प्रतिभाएं आगे बढ़ें, कमाई करें और वैश्विक स्तर पर सपने देखें।"

इस पहल की आवश्यकता पर बल देते हुए नीति रावत, सह-संस्थापक, दिल्ली प्रो वॉलीबॉल लीग ने कहा कि, "दिल्ली में अपार वॉलीबॉल प्रतिभा है, लेकिन खिलाड़ियों को अक्सर एक निरंतर पेशेवर मंच नहीं मिल पाता। डीवीपीएल इस कमी को दूर करने का प्रयास है, जिससे खिलाड़ियों को पहचान, अवसर और उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं तक पहुँचने का स्पष्ट मार्ग मिल सके।"

कार्यक्रम के दौरान दिल्ली की जूनियर बॉयज और गर्ल्स वॉलीबॉल टीमों को सम्मानित भी किया गया। हाल ही में जूनियर बॉयज टीम ने राष्ट्रीय चैंपियनशिप में उपविजेता स्थान हासिल किया, जो इस बात को और मजबूती देता है कि युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए डीवीपीएल जैसी पेशेवर लीग की कितनी आवश्यकता है।