एशियन गेम्स में अपने पदक का रंग बदलना चाहते हैं बजरंग पुनिया
बजरंग ने कहा, 'मैं एशियन गेम्स, विश्व चैंपियनशिप और 2020 टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतना चाहता हूं।
नई दिल्ली, जेएनएन। विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता भारतीय स्टार पहलवान बजरंग पूनिया ने कहा कि उनकी नजर एशियन गेम्स पर टिकी है जहां वह अपने पदक का रंग बदलना चाहते हैं। बजरंग ने 2014 इंचियोन एशियन गेम्स में रजत पदक जीता था।
हाल ही में हुए गोल्ड कोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने पर बजरंग को यहां विश्व चैंपियन पावरलिफ्टर गौरव शर्मा सहित कुश्ती के समर्थकों ने गुर्ज देकर सम्मानित किया। इस मौके पर बजरंग ने कहा, 'मैं एशियन गेम्स, विश्व चैंपियनशिप और 2020 टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतना चाहता हूं। मेरी कोशिश पहले एशियन गेम्स में अपने पदक रंग बदलने पर है।
मैंने पिछली बार रजत जीता था, लेकिन इस बार मैं और भी अधिक मेहनत करूंगा। इसके बाद विश्व चैंपियनशिप और 2020 टोक्यो ओलंपिक की तैयारियों पर ध्यान दूंगा। कॉमनवेल्थ गेम्स में सभी भारतीय पहलवानों का प्रदर्शन शानदार रहा था। हमारी महिला पहलवान भी पीछे नहीं रहीं और कुश्ती का भविष्य उज्ज्वल है।'
एशियन गेम्स इस साल 18 अगस्त से दो सितंबर तक होंगे। बजरंग ने गोल्ड कोस्ट जाने से पहले कहा था कि वह कॉमनवेल्थ गेम्स में अपने पदक का रंग बदलेंगे और वह इसे बदलने में सफल भी हुए। उन्होंने 2014 ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीता था।