Asian Games 2026: टेकबॉल में क्विम्सी डिसूजा सेमीफाइनल में हारीं, लेकिन मेडल की रेस में नाम बरकरार ; सॉफ्ट टेनिस में मेंस टीम को मिली हार
क्विम्सी डिसूजा आइची-नागोया एशियन गेम्स 2026 में टेकबॉल के सेमीफाइनल में हारने के बावजूद कांस्य पदक की दौड़ में बनी ...और पढ़ें

'टेकबॉल में डिसूज ने उम्मीदें रखीं बरकरार

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। जापान में खेले जा रहे आइची-नागोया एशियन गेम्स-2026 में भारत की क्विम्सी जोआकिम डिसूजा शनिवार को टेकबॉल प्रतियोगिता के महिला सिंगल्स के सेमीफाइनल में इंडोनेशिया की सुमाया से हार घईं। हालांकि, इस हार के बाद भी वह मेडल की रेस में बरकरार हैं। अब वह रविवार को ब्रॉन्ज मेडल मैच में हिस्सा लेंगी।
डिसूजा ने शानदार शुरुआत की और पहला सेट 12-7 से अपने नाम किया। लेकिन सुमाया ने वापसी की और अगला सेट 12-9 से जीतते हुए स्कोर 1-1 से बराबर कर लिया। निर्णायक सेट में सुमाया ने 12-17 से जीत हासिल करते हुए भारतीय खिलाड़ी को हार सौंपी।
ऐसा रहा सफर
एशियाई खेलों में पदार्पण करते हुए क्विम्सी ने नागोया सिटी हिगाशी स्पोर्ट्स सेंटर में खेले गए अपने ग्रुप ए के पहले मैच में जापान की शीर्ष वरीयता प्राप्त युइना सकामोटो को 2-1 (10-12 12-11 13-11) से हराकर उलटफेर किया। यह मैच 43 मिनट तक चला। इस युवा भारतीय खिलाड़ी ने ग्रुप के अपने दूसरे मैच में भी लय बरकरार रखते हुए कंबोडिया की कोएमयेन डीवाई को केवल 24 मिनट में 2-0 (12-9 12-7) से हराकर अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया और सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया। अपने ग्रुप में शीर्ष पर रहने के कारण उन्हें बाइ मिल गई और उन्हें क्वार्टर फाइनल नहीं खेलना पड़ा। सेमीफाइनल में उन्हें हार मिली लेकिन पदक की उम्मीद अभी भी जिंदा है।
उन्हें प्लेऑफ के जरिए ये पदक हासिल करने का एक और मौका मिला है। टेकबॉल को पहली बार एशियाई खेलों में शामिल किया गया है। टेकबॉल फुटबॉल और टेबल टेनिस का मिश्रण है। इस खेल का आविष्कार 2014 में हंगरी में फुटबॉल के शौकीन गैबोर बोरसानी, ग्योरगी गैटियन और विक्टर हुस्जार ने किया था। पहली आधिकारिक टेकबॉल विश्व चैंपियनशिप 2017 में बुडापेस्ट में आयोजित की गई थी।
सॉफ्ट टेनिस में मिली हार
वहीं, सॉफ्ट टेनिस स्पर्धा के भारतीय पुरुष टीम क्वार्टर फाइनल में इंडोनेशिया से 0-2 से हार गई। भारत ने ग्रुप सी में मंगोलिया और लाओ को हराया जबकि चीनी ताइपे से पराजय का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम में जय मीणा, आर्यन ठाकुर, योगेश चौधरी, अनिकेत पाटिल और ओम यादव हैं। दूसरे क्वार्टर फाइनल में वे इंडोनेशिया से हार गए, जिसमें फर्नांडो सांगेर, टियो हुतारूक, मोहम्मद फालेवी, रिजकी लालुयान और बागुस प्राडेवा थे। जय मीणा और योगेश चौधरी को पुरुष डबल्स मुकाबले में टियो और फर्नांडो ने हराया। आर्यन ठाकुर को पुरुष सिंगल्स में बागुस ने मात दी। तीसरा मैच रद कर दिया गया।
