विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Asian Games 2026: भारत पर हुई मेडल की बरसात, एथलीट्स ने शानदार प्रदर्शन करके एक दिन में जीते रिकॉर्ड 8 पदक

Published: Mon, 28 Sep 2026 08:18 PM (IST)

एशियन गेम्‍स 2026 में भारतीय एथलीट्स ने सोमवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 8 मेडल जीते। इस तरह भारत के कुल पदकों की संख्‍या 45 पहुंच गई है।

भारतीय एथलीट्स ने 8 मेडल जीते

भारतीय एथलीट्स ने 8 मेडल जीते

HighLights

  1. भारत के एथलीट्स ने पदकों की झड़ी लगा दी

  2. भारत ने आठवें दिन चार सिल्‍वर और चार ब्रॉन्‍ज मेडल जीते

  3. मुक्‍केबाजी और रिले टीम ने भी मेडल तय कर दिए हैं

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने सोमवार को पदकों की झड़ी लगा दी। भारत ने मौजूदा खेलों में एक दिन में सर्वाधिक आठ पदक अपने नाम किए। हालांकि, भारत स्वर्ण पदक जीतने में असफल रहा।

इससे पहले, शनिवार और रविवार को भारत ने एक दिन में सात-सात पदक जीते थे। भारतीय खिलाड़ियों ने निशानेबाजी, एथलेटिक्स, कुराश और भाला फेंक में पदक हासिल किए। इनमें चार रजत और चार कांस्य पदक शामिल रहे। इस प्रदर्शन के साथ भारत के कुल पदकों की संख्या 45 हो गई है और वह पदक तालिका में 12वें स्थान पर है।

ईशा को रजत पदक

निशानेबाजी में ईशा सिंह ने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक जीता। स्वर्ण पदक के लिए चीन की शियाओ जियारुईशुआन के साथ मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। दो बार की ओलिंपिक पदक विजेता मनु भाकर फाइनल में जगह नहीं बना सकीं।

विथ्या ने तोड़ा पीटी उषा का रिकॉर्ड

महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ में वित्‍या रामराज ने कांस्य पदक जीता। उन्होंने 54.75 सेकेंड का समय निकालकर महान धाविका पीटी उषा का चार दशक से अधिक पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ दिया। उषा ने 1984 के लॉस एंजिलिस ओलिंपिक में 55.42 सेकेंड का समय निकाला था।

मुक्केबाजी में तीन और पदक पक्के

मुक्केबाजी में ओलिंपिक कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन (75 किग्रा), प्रिया घंघास (60 किग्रा) और कपिल पोखरिया (90 किग्रा) ने सेमीफाइनल में पहुंचकर भारत के तीन और पदक पक्के कर दिए। इससे पहले परवीन हुड्डा (65 किग्रा), अंकुश पंघाल (80 किग्रा) और नरेंदर बरवाल (90 किग्रा से अधिक) भी अपने-अपने वर्ग में सेमीफाइनल में पहुंचकर भारत के लिए पदक सुनिश्चित कर चुके हैं।

  • ईशा सिंह ने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल व्यक्तिगत में रजत पदक जीता
  • गुलवीर सिंह ने पुरुषों के 1500 मीटर फाइनल में रजत पदक जीता
  • वित्‍या रामराज ने महिला 400 मीटर बाधा दौड़ में कांस्य पदक जीता
  • कुराश खिलाड़ी पिंकी बलहारा ने महिलाओं के 78 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक जीता
  • पारुल चौधरी ने महिलाओं के 5000 मीटर फाइनल में कांस्य पदक जीता
  • भाला फेंक फाइनल में यश वीर सिंह ने रजत और रोहित यादव ने कांस्य पदक जीता
  • श्रीशंकर मुरली ने पुरुषों की लंबी कूद में रजत पदक अपने नाम किया

पदक तय

  • मुक्केबाज लवलीना, प्रिया, कपिल ने सेमीफाइनल में पहुंचकर पदक पक्के किए
  • फाइनल में - भारत की चार गुणा 100 मीटर मिक्स्ड रिले टीम फाइनल में पहुंची

नंबर गेम्स

  • 45 पदक भारत ने जीते हैं एशियाई खेल 2026 में, जिसमें चार स्वर्ण, 20 रजत और 21 कांस्य पदक शामिल

यह भी पढ़ें- Asian Games 2026 Live: भारत ने एक दिन में रिकॉर्ड 8 मेडल जीते, गोल्‍ड की कसक रह गई अधूरी

यह भी पढ़ें- Esha Singh ने खुद पर बना लिया था दबाव, फिर मां की डांट ने सबकुछ बदला; सिल्‍वर मेडल जीतने के बाद निशानेबाज का खुलासा