विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 07, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Asian Games 2023: भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जीता गोल्‍ड, सांस थाम देने वाले फाइनल में चीनी ताइपे को दी मात

By Abhishek NigamEdited By: Abhishek Nigam
Published: Sat, 07 Oct 2023 08:20 AM (IST)

भारतीय महिला कबड्डी टीम ने एशियन गेम्‍स 2023 में शनिवार को चीनी ताइपे को रोमांचक फाइनल में मात देकर गोल्‍ड ...और पढ़ें

भारतीय महिला कबड्डी टीम ने चीनी ताइपे को मात दी
भारतीय महिला कबड्डी टीम ने चीनी ताइपे को मात दी

HighLights

  1. भारत के मौजूदा एशियन गेम्‍स में पूरे हुए 100 मेडल
  2. भारतीय महिला कबड्डी टीम ने चीनी ताइपे को हराकर जीता गोल्‍ड
  3. भारत ने कबड्डी के सहारे एशियन गेम्‍स 2023 में अपना 25वां गोल्‍ड जीता

नई दिल्‍ली, स्‍पोर्ट्स डेस्‍क। भारत ने एशियन गेम्‍स 2023 में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। भारत ने चीन के हांगझोऊ में चल रहे एशियन गेम्‍स में अपना 100वां मेडल जीता। भारत के लिए 100वां मेडल भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जीता।

भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शनिवार को फाइनल मुकाबले में चीनी ताइपे को केवल एक अंक के अंतर से मात देकर गोल्‍ड मेडल अपने नाम किया। सांस थाम देने वाले फाइनल में भारत ने चीनी ताइपे को 26-25 के स्‍कोर से हराया। भारतीय महिला कबड्डी टीम के सहारे देश ने एशियन गेम्‍स 2023 में अपना 25वां गोल्‍ड मेडल जीता।

पहला हाफ भारत के नाम

भारतीय महिला कबड्डी टीम ने फाइनल में काफी सकारात्‍मक और आक्रामक शुरुआत की। चीनी ताइपे को उसने पूरे समय बैकफुट पर धकेले रखा। भारत की मनीषा, ज्‍योति और अन्‍य खिलाड़‍ियों ने बढ़‍िया रेड की और साथ ही अच्‍छी टेकलिंग का नजारा भी पेश किया। भारत ने पहला हाफ अपने नाम करते हुए 14-9 का स्‍कोर बनाया। इसका मतलब कि भारत ने पहले हाफ में पांच अंक की बढ़त हासिल कर रखी थी।

चीनी ताइपे का पलटवार

चीनी ताइपे ने पहले हाफ में पिछड़ने के बाद जोरदार वापसी की और फाइनल का रोमांच दोगुना कर दिया। चीनी ताइपे ने दूसरे हाफ में भारत को ऑलआउट करके स्‍कोर में दो अंक की बढ़त बना ली थी। जब भारत ऑलआउट हुआ तब चीनी ताइपे के पक्ष में स्‍कोर 21-19 था। भारत ने फिर गजब की वापसी की और स्‍कोर 21-21 से बराबर किया।

भारत की गोल्‍डन जीत

भारतीय टीम ने संयम रखा और फिर चीनी ताइपे को रेड के अंक देने पर रोक लगाना शुरू की। हालांकि, मैच के दौरान भारत की डिफेंस में कमियां जरूर नजर आई, लेकिन रेडर्स के शानदार प्रदर्शन के कारण वो भरपाई करने में सफल रही। भारत ने अंतिम पलों में स्‍कोर 26-24 से करके गोल्‍ड सुनिश्चित कर दिया। मगर आखिरी के सेकंड में चीनी ताइपे की एथलीट रेड करने आई तो भारत ने उसे एक अंक देना ठीक समझा।

इस तरह भारत ने रोमांचक मैच में जीत दर्ज की और एशियन गेम्‍स 2023 में गोल्‍ड मेडल जीता। इसी के साथ भारत ने अपने 100 मेडल जीतने के वादे को भी निभाया।