एशियन गेम्स 2018: 5वें दिन ऐसा रहा भारत का प्रदर्शन, इतनी हुई पदकों की संख्या
अब भारत के पदक की संख्या 18 हो गई है।
नई दिल्ली, जेएनएन। एशियन गेम्स 2018 में गुरुवार का दिन ज्यादा खास नहीं रहा। गुरुवार को भारत के खाते केवल 2 पदक आए। पहला मेडल टेनिस में अंकिता रैना ने ब्रॉन्ज जीतकर दिलाया तो दूसरा मेडल शूटिंग में 15 साल के शार्दुल विहान ने सिल्वर मेडल हासिल किया। अब भारत के पदक की संख्या 18 हो गई है।
पहले बात अंकिता की कर लेते हैं। भारत की महिला टेनिस खिलाड़ी अंकिता रैना एकल स्पर्धा के सेमीफाइनल में हारकर कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा है। चीन की शुआई जैंग ने गुरुवार को हुए सेमीफाइनल मुकाबले में रैना को 2-0 से हराया।
भारतीय खिलाड़ी ने पहले सेट की दमदार शुरुआत की लेकिन पहले तीन गेमों के बाद उन्होंने अपनी लय खो दी और चीन की खिलाड़ी ने 6-4 से सेट जीत लिया। अंकिता ने पहला सेट तो 6-4 से आसानी गंवा दिया था लेकिन दूसरे टेस्ट में उन्होंने शानदार वापसी की हालांकि वह दूसरा सेट भी नहीं जीत पाई लेकिन उनके संघर्ष की हर किसी ने तारीफ की।
इसके बाद मेंस डबल ट्रैप में भारत के शार्दुल विहान ने सिल्वर मेडल हासिल किया। आपको बता दें कि इस निशानेबाज की उम्र केवल 15 साल है। शर्दुल ने डबल ट्रैप स्पर्धा में 73 के स्कोर पर सिल्वर मेडल अपने नाम किया। कोरिया के ह्यूनवुड शिन ने गोल्ड मेडल पर निशाना साधा। आपको बता दें कि मेरठ के सिवाय गांव के रहने वाले 15 साल के शार्दुल 10वीं क्लास के छात्र है और उन्हें इसी साल बोर्ड की परीक्षा भी देनी है।
टेनिस और कबड्डी में फैंस हुए निराश
गुरुवार का दिन भारतीय पुरुष कबड्डी का सबसे खराब दिन है। भारतीय टीम को सेमीफाइनल मुकाबले में इरान के हाथों 27-18 से शिकस्त खानी पड़ी। साल 1990 के बाद पहली बार ऐसा हुआ है कि भारतीय टीम फाइनल तक नहीं पहुंच पाई। जब से कबड्डी को एशियन गेम्स में शामिल किया है तब से भारतीय टीम गोल्ड मेडल जीत रही थी।
इसके बाद टेनिस में पदक की दावेदार मानी जा रही रोहन बोपन्ना और अंकिता रैना की जोड़ी को मिक्स्ड डबल्स में हार का सामना करना पड़ा। इस भारतीय जोड़ी को इंडोनेशिया की जोड़ी ए सुतजियादी-सीबी रूंगकाट ने हराया।
देश | स्वर्ण पदक | रजत पदक | कांस्य पदक | कुल पदक |
भारत | 4 | 4 | 10 | 18 |
चीन | 55 | 40 | 21 | 116 |
जापान | 25 | 28 | 33 | 86 |
दक्षिण कोरिया | 16 | 20 | 27 | 63 |
इरान | 10 | 9 | 8 | 27 |
इंडोनेशिया | 8 | 6 | 10 | 24 |
थाइलैंड | 6 | 4 | 16 | 26 |
उत्तर कोरिया | 6 | 2 | 5 | 13 |
ताइपे | 5 | 6 | 11 | 22 |
उज्बेकिस्तान | 4 | 8 | 4 | 19 |