Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Asia Cup 2025: भारतीय शेरों का विजयी क्रम जारी, कजाकिस्तान हॉकी टीम को 15-0 से रौंदा

    Updated: Mon, 01 Sep 2025 09:49 PM (IST)

    चीन और जापान को मात देने के बाद भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशिया कप-2025 के अपने तीसरे मैच में कजाकिस्तान को एकतरफा मुकाबले में हराते हुए जीत की हैट्रिक लगा दी है। टीम इंडिया के सामने कजाकिस्तान की टीम बिल्कुल भी टिक नहीं पाई और गोल पर गोल खाती रही।

    Hero Image
    भारतीय हॉकी टीम ने लगाई जीत की हैट्रिक

    अक्षय पांडे, जागरण संवाददाता, राजगीरः एशिया पुरुष हॉकी टूर्नामेंट में सोमवार को भारत ने अपना अजेय क्रम जारी रखते हुए कजाकिस्तान को एक दर्जन से अधिक गोल से रौंदकर प्रतियोगिता में मलेशिया के साथ संयुक्त रूप से सबसे बड़ी जीत दर्ज की।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    राजगीर में हॉकी स्टिक लेकर मेहमान टीम पूरे मैदान पर दौड़ती ही रही और अभिषेक के चार, जुगराज सिंह के तीन और प्लेयर आफ द मैच सुखजीत सिंह के तीन-तीन गोल की मदद से मेजबानों ने उसे 15-0 से पराजित कर प्रतियोगिता में जीत की हैट ट्रिक लगा दी। इसके पहले टूर्नामेंट के चौथे दिन मलेशिया ने भी प्रतियोगिता में सबसे बड़ी जीत हासिल करते हुए चाइनीज ताइपे को 15-0 से शिकस्त दी। कोरिया ने बांग्लादेश को 5-1 से पराजित किया। चीन बनाम जापान का मुकाबला 2-2 की बराबरी पर छूटा।

    पहले क्वार्टर में ही दिखाया दम

    भारत का समर्थन करने को खेल प्रेमियों से खचाखच भरे मैदान पर मेजबान टीम के लिए गोल करने का क्रम अभिषेक ने शुरू किया। पहले क्वार्टर के पांचवें और आठवें मिनट में उन्होंने फील्ड गोलकर कजाकिस्तान को शुरुआती झटका दिया। प्रथम क्वार्टर के अंतिम मिनट में सुखजीत सिंह दौड़ते हुए आए और मेहमान टीम को एक और चोट पहुंचा दी।

    दूसरे क्वार्टर का पहला गोल फील्ड की मदद से कर अभिषेक ने स्कोर 4-0 पर पहुंचा दिया। भारत से बड़ी हार भांप गई कजाकिस्तान ने गलतियां शुरू कीं। दूसरे क्वार्टर में मिले तीन पेनाल्टी कॉर्नर का लाभ भारत ने उठा लिया। 24वें मिनट में जुगराज सिंह, 26वें में कप्तान हरमनप्रीत सिंह और अंत के 29वें मिनट में अमित रोहिदास ने गोलकर 7-0 की बढ़त ले ली।

    तीसरे क्वार्टर में भी किया अटैक

    तीसरे क्वार्टर में मेजबानों ने चार और झटके दिए। 31वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर की मदद से जुगराज सिंह, राजिंदर और सुखजीत ने फील्ड की मदद से 32वें मिनट में लगातार दो गोल कर दिए। 38वें मिनट में सुखजीत ने फील्ड गोलकर भारत को 11-0 की बड़ी बढ़त दिला दी। रही-सही कसर भारत ने अंतिम क्वार्टर में पूरी कर दी। पेनाल्टी से दो और फील्ड से दो गोलकर कजाकिस्तान की कमर तोड़ दी।

    आखिरी क्वार्टर में भी नहीं बक्शा

    47वें मिनट में जुगराज सिंह, 54वें मिनट में संजय, 55वें मिनट में दिलप्रीत सिंह ने गोल किया। भारत को पहली सफलता दिलाने वाले अभिषेक ने 59वें मिनट में अंतिम गोलकर मेहमान टीम को 15-0 की शिकस्त झेलने पर मजबूर कर दिया। मुकाबले में अभिषेक ने चार, जुगराज सिंह एवं सुखजीत सिंह ने तीन-तीन, दिलप्रीत सिंह, कप्तान हरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, संजय और राजिंदर सिंह ने क्रमशः एक-एक गोल किए।

    comedy show banner