विनेश फोगाट ऐसा करने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बनीं, 2020 टोक्यो ओलंपिक गोल्ड पर निशाना
विनेश ने 53 किलोग्राम वर्ग में ओलंपिक का टिकट हासिल करने में कामयाब रही हैं। वह 2020 ओलंपिक में जगह बनाने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बन गई हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट ने 2020 टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालिफाई कर लिया है। विनेश ने 53 किलोग्राम वर्ग में ओलंपिक का टिकट हासिल करने में सफलता हासिल की। वह 2020 ओलंपिक में जगह बनाने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बन गई हैं।
विनेश फोगाट ने विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के रेपचेज राउंडर में अमेरिका की सारा हिल्डरब्रैंट को हराकर यह उपलब्धि हासिल की। विनेश चैंपियनशिप के दूसरे मुकाबले में सारा को 8-2 से के अंतर से हराया और अपने पदक की उम्मीद बरकरार रखी।
टूर्नामेंट के महिलाओं के 53 किग्रा भार वर्ग में विनेश ने पहले दौर में रियो ओलम्पिक की पदक विजेता स्वीडन की सोफिया मैटसन को मात दी थी। इस मुकाबले को विनेश ने 13-0 के बड़े अंतर से जीता था। हालांकि प्री क्वार्टर फाइनल में उनको मौजूदा गोल्ड मेडल विजेता जापान की मायु मुकैदा से हार का सामना करना पड़ा था।
इस मुकाबले में विनेश का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था। वह जापानी पहलवान के खिलाफ एक भी अंक हासिल नहीं कर पाई थी। मुकैदा ने प्री क्वार्टर फाइनल के मुकाबले में विनेश को 7-0 से हराया था। 50 किलोग्राम भार वर्ग में खेलने वाली विनेश इस चैंपियनशिप में 53 किलो भार वर्ग में खेलने उतरी हैं।
रेपेचेज खेलने का मिला मौका
विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में विनेश को प्री क्वार्टरफाइनल में जापान की मायु मुकैदा के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। मौजूदा स्वर्ण पदक विजेता मुकैदा के फाइनल में जगह पक्की करने के साथ ही विनेश को रेपेचेज में खेलने का मौका मिला।