ओडिशा की सुनीता लकड़ा बनीं भारतीय हॉकी टीम की कप्तान
भारतीय हाकी टीम में कप्तान सुनीता लाकड़ा के अलावा सुंदरगढ़ की चार अन्य खिलाड़ी सुनीता टोप्पो, लीलिमा मिंज, अनुपा बारला तीनों पानपोष स्पोर्ट्स हॉस्टल की खिलाड़ी है
सुंदरगढ़, जेएनएन। जिले की बेटी सुनीता लकड़ा भारतीय हॉकी टीम की नई कप्तान बनाई गई हैं। उन्हें कोरिया में 13 मई से शुरू हो रहे एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के लिए चुनी गई महिला भारतीय हॉकी टीम की कप्तानी सौंपी गई है। सुनीता के कप्तान बनने की खबर पाकर पूरे परिवार सहित जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है। इसी के साथ भारतीय हॉकी की नर्सरी कहे जाने वाले सुंदरगढ़ जिले के नाम यह एक और सफलता जुड़ गई है।भारतीय हॉकी टीम की डिफेंडर सुनीता को यह जिम्मेदारी नियमित कप्तान रानी रामपाल की गैरमौजूदगी के कारण सौंपी गई है। सुनीता ने यह जिम्मेदारी मिलने पर खुशी जाहिर की है। साथ ही कहा है कि कॉमनवेल्थ गेम में सेमीफाइनल हारने का मलाल है। जिसकी भरपाई इस चैंपियनशिप में करेंगे।
सुनीता सहित पांच खिलाड़ी सुंदरगढ़ जिले से
भारतीय हाकी टीम में कप्तान सुनीता लाकड़ा के अलावा सुंदरगढ़ की चार अन्य खिलाड़ी सुनीता टोप्पो, लीलिमा मिंज, अनुपा बारला तीनों पानपोष स्पोर्ट्स हॉस्टल की खिलाड़ी है। जबकि दीप ग्रेस एक्का साई हॉस्टल सुंदरगढ़ की खिलाड़ी है। सभी भारतीय हाकी टीम के लिए चुनी गई है।
चार भाई बहनों में सबसे छोटी हैं सुनीता सुंदरगढ़ के राजगांगपुर अंतर्गत केसरामाल निवासी सुनीता अपने घर में चार भाई बहनों में सबसे छोटी हैं। उनके पिता का नाम आरबिस लकड़ा है। आरबिस पेशे से किसान है। तीन भाइयों में एक बीएसएफ से सेवानिवृत्त होकर एमसीएल बुर्ला में कार्यरत हैं, एक भाई पेशे से चालक तथा तीसरा भाई घर पर रहकर खेतीबाड़ी करते हैं।
पानपोष स्पोर्ट्स हॉस्टल की खिलाड़ी रही सुनीता लाकड़ा को भारतीय हाकी टीम का कप्तान बनाया गया है। बेंगलुरु में कैंप चल रहा है, वहीं पर इसकी घोषणा की गई है। इसके अलावा हमारे हॉस्टल से तीन और लड़कियां भी टीम में शामिल हैं।अमूल्यानंद बिहारी, कोच, पानपोष स्पोर्ट्स हास्टल