यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 09, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बिसरा-बंडामुंडा में में सीटू -कांग्रेस ने बंद कराया दुकान- बाजार
किसान आंदोलन को लेकर आहूत भारत बंद का बिसरा एवं बंडामुंडा क्षेत्र में मिलाजुला असर रहा।

संसू, बिसरा : किसान आंदोलन को लेकर आहूत भारत बंद का बिसरा एवं बंडामुंडा क्षेत्र में मिलाजुला असर रहा। सीटू के साथ कांग्रेस ने बंद का समर्थन करते हुए सड़क पर उतरकर मंगल बाजार सहित चेक गेट को बंद करा दिया।
चेक नाका पर सीटू के सुरेंद्र दास ने कहा है कि भाजपा सरकार किसान विरोधी सरकार है। इस सरकार ने जो कानून बनाया है वह किसानों के लिए घातक है। वहीं कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने रैली निकाल कर दुकान-बाजार बंद कराया।
बंडामुंडा के डीजल चौक से डी-सेक्टर तक दुकानें बंद कराने के बाद रैली बिसरा पहुंचकर चेक गेट होते हुए पूरे शहर में घूमकर बाजार को बंद करवाया। सड़क जाम के दौरान बिसरा के डराईकेला चौक और बंडामुंडा के मंगल बाजार चौक पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। हालांकि आवश्यक सेवाओं को बंद से मुक्त रखा गया था। बस-टेंपो आदि नहीं चलने से यात्रियों को पैदल ही अपने गंतव्य की ओर जाना पड़ा। बंद के मद्देनजर बिसरा से लेकर बंडामुंडा तक के विभिन्न चौक-चौराहों पर सुरक्षा को देखते हुए अधिकारियों के साथ पुलिस बल मुस्तैद रहा। हालांकि कहीं से भी किसी तरह की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। राष्ट्रीय विद्यालय के पूर्व पीटी शिक्षक रफीक का निधन : राष्ट्रीय विद्यालय के पीटी शिक्षक रफीकके आकस्मिक निधन से शहर में शोक की लहर दौड़ गई। 81 वर्षीय रफीक के निधन का समाचार मिलने पर बड़ी संख्या में गणमान्य ने उनके अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि दी। शहर में हिंदू-मुस्लिम एकता के प्रतीक रहे रफीक को मंगलवार को कब्रिस्तान में दफनाया गया। इस मौके पर उनके छात्र सहित बड़ी संख्या में गणमान्य उपस्थित थे। पूर्व पीटी शिक्षक अपने पीछे दो पुत्र व एक पुत्री छोड़ गए हैं।
