सीएए से किसी को डरने की जरूरत नहीं : आरएसएस
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) राजगांगपुर की ओर से मारवाड़ी पंचायत धर्मशाला में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) पर बैठक का आयोजन किया गया।
संवाद सूत्र, राजगांगपुर : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) राजगांगपुर की ओर से मारवाड़ी पंचायत धर्मशाला में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) पर बैठक का आयोजन किया गया। इसमें शहर के स्वयं सेवकों सहित अन्य गणमान्य ने शामिल हुए। राउरकेला से आए प्रज्ञा प्रवाह के जिला अध्यक्ष सहित संघ प्रचारक कृष्ण कांत जायसवाल ने सीएए के विषय मे विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि इस कानून से किसी भी भारतीय नागरिक को डरने की आवश्यकता नही है। इस कानून से किसी भी भारतीय नागरिक की नागरिकता को कोई खतरा नही है। यह कानून नागरिकता देने के लिए है लेने के लिए नहीं। सीएए का एक मात्र उद्देश्य पाकिस्तान एवं बांग्लादेश मे वहां के अल्पसंख्यकों के साथ हो रहे अत्याचार से उनकी रक्षा करना मात्र है। डालमिया महाविद्यालय के सेवानिवृत्त अर्थशास्त्र के शिक्षक गुणनिधि मांझी, संघ के दौलत अग्रवाल, अधिवक्ता राजेश शर्मा ने भी लोगों को सीएए पर प्रकाश डाला। राजगंगपुर आरएसएस प्रमुख उमा प्रसन्न मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में हर्ष अग्रवाल, विनय अग्रवाल, देवाशीष मिश्र सहित भाजपा नगर अध्यक्ष अध्यक्ष शंकर सिंह, महेन्द्र मांझी, उपेंद्र प्रधान, कुलदीप सिंह, विनोद शर्मा प्रमुख शामिल थे।