बीरमित्रपुर में सजा राणीसती दादी का दरबार
श्याम मित्र मंडल बीरमित्रपुर की ओर से मारवाड़ी पंचायती धर्मशाला में श्
संवादसूत्र, बीरमित्रपुर : श्याम मित्र मंडल बीरमित्रपुर की ओर से मारवाड़ी पंचायती धर्मशाला में श्याम महोत्सव एवं राणी सती दादी का मंगलपाठ आयोजित किया गया। दो दिवसीय कार्यक्रम में बीरमित्रपुर समेत आसपास के शहरों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस मौके पर राणी सती दादी और श्याम प्रभु का भव्य दरबार सजाकर अखंड ज्योति जलाकर पूजा अर्चना की गयी।
मारवाड़ी पंचायती धर्मशाला में शुक्रवार की शाम को श्याम महोत्सव का आयोजन किया गया। यहां श्याम प्रभु का दरबार सजाकर पूजा अर्चना की गयी इसके बाद भजन संध्या का आयोजन हुआ। इसके लिए रामगढ़ से श्याम प्रभु की शीश लायी गयी थी। इसमें कोलकाता के भजन गायक सुदर्शन अमरीश के साथ टीम को आमंत्रित किया गया था। इसमें श्याम प्रभु के साथ साथ अन्य देवी देवताओं पर आधारित गीत गाये गये। शनिवार की सुबह से राणी सती मंगलपाठ का आयोजन किया गया।इसमें विभिन्न क्षेत्रों से आयी 301 सुहागिनें शामिल हुई। भजन गायक सुदर्शन अमरीश ने मंगल गीत गाये। इस मौके पर नृत्य नाटिका के जरिये राणी सती के जीवनी का वर्णन किया गया। इस कार्यक्रम में सिमडेगा, रांची, राउरकेला, राजगांगपुर, संबलपुर, झारसुगुड़ा, चक्रधरपुर आदि क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। महा आरती एवं प्रसाद सेवन के साथ इस कार्यक्रम का समापन हुआ।