झुंझुनूधाम में सजा राणी सती दादी का दरबार
स्थानीय प्रमुख धार्मिक स्थल झुंझुनूधाम राणी सती मंदिर में नए साल पर दादीजी का भव्य दरबार सजाया गया।
संवादसूत्र, बीरमित्रपुर : स्थानीय प्रमुख धार्मिक स्थल झुंझुनूधाम राणी सती मंदिर में नए साल पर दादीजी का भव्य दरबार सजाया गया। आसपास के इलाके से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने यहां पहुंचकर दादीजी की पूजा-अर्चना कर नए साल में सुख-समृद्धि की कामना की तथा धार्मिक माहौल में नया साल गुजारा। सुबह से शाम तक यहां भीड़ लगी रही।
राणी सती सेवा ट्रस्ट द्वारा संचालित उक्त मंदिर में मंगलवार को दादीजी का अलौकिक श्रृंगार करने समेत अखंड ज्योति जलाकर छप्पन भोग लगाया गया। सुबह से ही भक्तों का आना शुरू हो गया तथा मंदिर परिसर में दादीजी के साथ साथ विभिन्न देवी देवताओं की पूजा अर्चना कर लोगों ने नया साल मंगलमय होने की कामना की। इस मौके पर दरबारी गायक लालजी शर्मा एवं कोलकाता से आए मनू मोर ने भक्ति गीतों के जरिए पूरे दिन माहौल को भक्तिमय बनाया। भक्तों के लिए दोपहर में प्रसाद सेवन का भी प्रबंध किया गया था। राउरकेला, बीरमित्रपुर, सिमडेगा, राजगांगपुर, सुंदरगढ़ आदि क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिवार के साथ यहां पहुंचे थे। राणी सती सेवा ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी गोपाल तुलस्यान के साथ मंदिर से जुड़े सदस्यों ने आयोजन में सहयोग किया।