चांदी के रथ पर नगर भ्रमण को निकली राणी सती दादी
झुंझनू धाम बीरमित्रपुर में राणी सती दादी के जन्मोत्सव पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
बीरमित्रपुर, जेएनएन। राणी सती दादी के मंगसिर वदी नवमी उत्सव पर झुझनूधाम में चार दिवसीय समारोह के दूसरे दिन शुक्रवार को दादी का नगर भ्रमण हुआ। बड़ी संख्या में भक्त चांदी के रथ पर दादी को लेकर शहर का भ्रमण कराया। जिनका जगह-जगह स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने सेवा शिविर लगाकर की लोगों की सेवा की। आकर्षक झांकियों के साथ निकली शोभायात्रा में शामिल लोग दरबारी गायक लालजी शर्मा के गीतों पर झूमते गाते चल रहे थे।
राणी सती दादी के जन्मोत्सव पर झुंझनू धाम बीरमित्रपुर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया है। शुक्रवार की सुबह 10 बजे मंदिर से निकलकर दादी का रथ चाइना टाउन, गोलबाजार, सिनेमा हॉल रोड, संडे मार्केट, गांधी रोड, बिरसा चौक, बस स्टैंड होते हुए करीब दो बजे मंदिर पहुंचा। इसमें 108 कलश लेकर सुहागिन व युवतियां शामिल थीं। साथ ही राधाकृष्ण, गणेश एवं अन्य देवी देवताओं की झांकी भी थी। यात्रा मार्ग में कैलास धवालिया की ओर से लोगों को शर्बत व फल बांटा।
गोलबाजार में हिन्दू सेना की ओर से लोगों को शर्बत पिलाया गया। दिलीप अग्रवाल की ओर से मेडिकल के समक्ष स्वागत करने के साथ शीतल पेय का प्रबंध किया गया था। मारवाड़ी महिला मंच की ओर से गोलबाजार में शोभायात्रा का स्वागत किया गया। सुभाष मुंडालिया की ओर से शर्बत बांटा गया। शाम को श्याम अग्रवाल व नवीन जोशी कोलकाता वाले के द्वारा भजन प्रस्तुत किया गया। इस दौरान शानदार आतिशबाजी भी हुई। इसमें बीरमित्रपुर के साथ साथ राउरकेला, राजांगपुर, झारसुगुड़ा, संबलपुर, सिमडेगा आदि क्षेत्रों से बड़ी संख्या में दादी के भक्त शामिल हुए।