राधिका हत्याकांड मे ससुर गिरफ्तार, पति फरार
राधिका के पिता के बयान पर बिसरा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर मृतका के ससुर पुरुषोलाम पाढि़या को गिरफ्तार कर लिया है।
बंडामुंडा, जागरण संवाददाता। बिसरा निवासी दीपक पढि़या की पत्नी राधिका की मौत मामले मे मृतका के पिता बीरमित्रपुर निवासी गौरीशंकर ने हत्या को सुनियोजित बताया है। कहा है कि उनकी बेटी को जलाने से पहले उसे बुरी तरह पीटा गया, फिर आत्महत्या का रूप देने के लिए उस पर केरोसिन छिड़ककर आग लगाई गई। जब उन्होंने शव देखा तो दस फीसद हिस्सा ही जला था। जबकि शरीर के अलग-अलग हिस्सों में काफी चोट के निशाना थे। जो संकेत दे रहे थे कि उसे बुरी तरह पीटा गया। इस अपराध में उनका दामाद दीपक पाढि़या व उसके पिता पुरुषोत्तम पाढि़या शामिल हैं। राधिका के पिता के बयान पर बिसरा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर मृतका के ससुर पुरुषोलाम पाढि़या को गिरफ्तार कर लिया है। पति दीपक की तलाश मे छापेमारी चल रही है।
संतान नही होने के कारण पति-पत्नी में था विवाद: गौरीशंकर ने बताया कि राधिका व दीपक के बीच दो साल से विवाद चल रहा था। संतान नही होना विवाद की मुख्य वजह थी। दो महीने पहले भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। जिसके बाद उनकी बेटी ने बिसरा थाने जाकर शिकायत की थी। फोन पर सूचना मिलने के बाद वे खुद बिसरा आए थे। समाज के लोगों की उपस्थिति में समझौता कराया गया था। उनकी बेटी व दामाद ने एक बच्चे को गोद भी लिया था। लेकिन दोनों के बीच विवाद थम नही रहा था। घटना मंगलवार की है। बकौल गौरीशंकर उन्हें दोपहर में फोन कर दीपक ने बताया कि राधिका ने खुद को आग लगा लिया है। जिसके बाद वे बिसरा पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य संग्रह कराए थे।
यह भी पढ़ें: शहीदों के परिजनों को मिलेगी दोगुनी सहायता राशि