अंधविश्वास के खिलाफ पुलिस ने चलाई मुहिम
अंधविश्वास के खिलाफ पुलिस प्रशासन की ओर से अभियान चलाया गया।
संवादसूत्र, बीरमित्रपुर : अंधविश्वास के खिलाफ पुलिस प्रशासन की ओर से अभियान चलाया गया। सुंदरगढ़ की एसपी सागरिका नाथ ने इसका शुभारंभ किया तथा लोगों को इसके प्रति जागरूक करने के लिए काम करने का आह्वान किया।
आदिवासी बहुल सुंदरगढ़ जिले में डायन भूत, टोना टोटका, झाड़ फूंक के चक्कर में पड़कर लोगों को भारी नुकसान हो रहा है। ग्रामीण क्षेत्र में हत्या, मारपीट जैसी घटनाएं आम हैं। लोगों को इस तरह के अंधविश्वास से दूर रहने तथा जागरूक करने के लिए सुंदरगढ़ पुलिस की ओर से अभियान शुरु किया गया है। इसके लिए पुलिस की ओर से टीम बनाई गई है। शनिवार को बीरमित्रपुर थाना से जागरूकता रथ को रवाना किया गया। विभिन्न वेशभूषा में पुलिस कर्मी इसमें शामिल हुए। रथ पर विभिन्न प्रकार के बैनर-पोस्टर लगाए गए हैं एवं इनमें स्लोगन भी लिखे हुए हैं। लोगों को विभिन्न गीत व संगीत के जरिये अंधविश्वास से दूर रहने का अनुरोध किया गया। जागरूकता रथ शहर के विभिन्न बस्ती क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को इस सामाजिक बुराई से दूर रहने का संदेश दिया।