कंसर में हाथियों ने दो घर तोड़े, दहशत
लाठीकटा ब्लॉक के हाथीबंधा ग्राम पंचायत अंर्तगत कंसर गांव के मुंड़ाटोला में हाथियों के झुंड़ ने उत्पात मचाते हुए दो घरों को तोड़ दिया।
संसू, फर्टिलाइजर : लाठीकटा ब्लॉक के हाथीबंधा ग्राम पंचायत अंर्तगत कंसर गांव के मुंड़ाटोला में हाथियों के झुंड़ ने उत्पात मचाते हुए दो घरों को तोड़ दिया। इस कारण बस्ती के लोग भयभीत है। ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार को 15 से अधिक हाथियों का एक झुंड़ कंसर गांव के मुड़ाटोला गांव में उत्पात मचाते हुए खाने की सामग्री की तलाश में कई घरों में घुस गए। यह देख ग्रामीण अपनी जान बचाने के लिए दूसरों के घरों में छुपने के साथ अन्य लोगों ने अपने-अपने घरों का दरवाजा बंद कर लिया। घरों में खाने की सामग्री नही मिलने के कारण हाथियों ने टोला के भुक्ता मुंड़ा और अर्मीत टोपनो के खपरैल घर को तोड़ दिया। हालांकि हाथियों के इस उत्पात के दौरान कोई ग्रामीण उनकी चपेट में नहीं आया। बाद में बस्तीवासियों ने एकजुट होकर किसी तरह हाथियों को गांव से बाहर खदेड़ा। बताया गया है कि हाथियों का झुंड़ जल्दा ए ब्लॉक पहाड़ की ओर गया है। सादगी से मनाया विजय दशमी उत्सव : श्री दशहरा पूजा कमेटी राउरकेला की ओर से कोरोना संक्रमण को देखते हुए सरकार की ओर से जारी गाइडलाइन का पालन करते हुए विजय दशमी उत्सव मनाया गया। सेक्टर-13 दशहरा पूजा मैदान में हर साल होने वाले रावण दहन के कार्यक्रम को रद किया गया एवं यहां भगवान श्रीराम की पूजा अर्चना व राज्याभिषेक की औपचारिकता पूरी की गई। इसमें केवल कमेटी के सदस्यों ने ही हिस्सा लिया।
सेक्टर-13 दशहरा पूजा मैदान में शुक्रवार की शाम को विजय दशमी उत्सव का आयोजन किया गया। रावण दहन का कार्यक्रम रद होने के चलते यहां पुतले नहीं बनाए गए थे। कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए लोगों से इस साल घरों में ही चार दीपक जलाकर विजय दशमी उत्सव मनाने का अनुरोध किया गया था। अधर्म पर धर्म की जीत के प्रतीत के रूप में यह उत्सव सादगी के साथ पूजा मैदान में मनाया गया। भगवान गणेश की पूजा के साथ ही श्रीराम की आरती व राज्य अभिषेक की औचारिकता पूरी की गई। इसमें कमेटी के राहुल अग्रवाल, सुरेश केजरीवाल, गौरव सिघल, नरेश सिघल, पवन मेहमिया, सनोज अग्रवाल, ललित केजरीवाल, विवेक पोद्दार, विशाल अग्रवाल, राहुल गुप्ता, बंटी पोद्दार समेत अन्य लोग इसमें शामिल हुए।