कचरा प्रबंधन के लिए राजगांगपुर नपा ने तय किया मासिक शुल्क
कचरा प्रबंधन के लिए अब राजगांगपुर नगरपालिका क्षेत्र के लोगों को न्यूनतम 22 रुपये व अधिकतम 90 रुपये मासिक देने होंगे।
संसू, राजगांगपुर : कचरा प्रबंधन के लिए अब राजगांगपुर नगरपालिका क्षेत्र के लोगों को न्यूनतम 22 रुपये व अधिकतम 90 रुपये मासिक देने होंगे। राजगांगपुर नगरपालिका फरवरी माह से यह व्यवस्था लागू करने जा रही है। इसके लिए नपा की ओर से जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। लोगों को बताया जा रहा है कि जनता से वसूल की जाने वाली राशि को स्वच्छता व कठिन अवशिष्ट के प्रबंधन पर खर्च किया जाएगा। पहले 50 हजार से अधिक आबादी वाले शहर में नपा की गाड़ी घर-घर से कचरा संग्रह करती आ रही थी। लेकिन अब उक्त कचरे के निष्पादन के लिए यूजर्स फीस वसूलेगी। 500 वर्ग फीट आवास के लिए 22 रुपये मासिक शुल्क तय किया गया है। जबकि 500 से 12 वर्ग फीट आवास के लिए 45 रुपये, 1200 से 3000 वर्ग फीट के लिए 60 रुपये तथा 3000 वर्ग फीट से अधिक वाले आवास के लिए 90 रुपये प्रतिमाह वसूला जाएगा। इसके अलावा व्यापारिक संस्थान, शिक्षा संस्थान, छोटे बड़े होटल, स्वास्थ्य सेवा संस्थान, सिनेमा हॉल को लेकर मॉल तक के लिए अलग-अलग रेट चार्ट निर्धारित किया गया है। आगामी फरवरी महीने से नगरपालिका के अंतर्गत आने वाले सभी आवास, दुकान, व्यापारिक संस्थान, शिक्षा संस्थान से उक्त राशि वसूलने का निर्णय लिया गया है।
स्वच्छता सर्वेक्षण-2021 में राउरकेला शामिल
: स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 प्रतियोगिता में राउरकेला महानगर निगम भी शामिल है। पिछले साल पूरे देश में राउरकेला को 156वां स्थान मिला था। खुले में शौच मुक्त शहर के रूप में ओडीएफ डबल प्लस तथा कचरा मुक्त शहर की रैंकिग में सिगल स्टार मिला है। इस साल फाइव स्टार पाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए महानगर निगम वासियों से शहर के पक्ष में संबंधित मोबाइल नंबर, एप तथा वेबसाइट पर सुझाव व मतदान करने का अनुरोध किया गया है।
नगर निगम की ओर से कहा गया है कि 1969 पर डायल करने पर स्वच्छता संबंधित कॉल आएगा। वहीं वेबसाइट स्वच्छता सर्वेक्षण-2021 ओआरजी को आनकर राउरकेला के पक्ष में मतदान किया जा सकता।
स्मार्ट फोन पर एसएस 2021 सिटी एप डाउनलोड कर मतदान किया जा सकता है। सकारात्मक जवाब राउरकेला को विजेता बनाने में मददगार हो सकता है। स्वच्छता एप पर अपनी सफाई संबंधित जानकारी दी जा सकती है एवं समाधान होने के बाद जवाब दिया जा सकता है। महानगर निगम की ओर से सफाई के प्रति ध्यान देने तथा सूखा एवं गीला कचरा अलग रखकर संग्रह के लिए जाने वाले वाहनों में देने का आह्वान किया गया है।