जन सुविधाओं का पोस्टमार्टम करने निकले जिलाधीश
जिलाधीश निखिल पवन कल्याण ने शहर के विभिन्न वार्डों का दौरा कर विकास कार्यो का जायजा लेने अभियान शुरू किया गया है।
संवाद सूत्र, सुंदरगढ़ : सुंदरगढ़ जिलाधीश निखिल पवन कल्याण ने शहर के विभिन्न वार्डों का दौरा कर विकास कार्यो का जायजा लेने अभियान शुरू किया गया है। अभियान के पहले दिन गुरुवार को वार्ड नंबर 1, 2 व 3 क्षेत्र का दौरा कर उन्होंने स्थानीय लोगों से उनकी समस्याओं की जानकार ली। साथ ही जलापूर्ति, बिजली, परिमल संबंधी समस्याओं व विकास योजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को विकास कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। वार्ड-1 में उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण तथा नदी पर घाट बनाने, रानीबगीचा-महादेवपड़ा मार्ग का निर्माण करने, वार्ड 3 में शौचालय निर्माण के साथ जलोपचार संयंत्र (वाटर ट्रीटमेंट प्लांट) स्थापित करने पर जोर दिया। इस दौरान सदर उपजिलापाल अभिमन्यु बेहरा, तहसीलदार जोगेश्वर भोई, पौरांचल कार्यपालक अधिकारी अशोक मिश्र, वेस्को व जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यपालक अभियंता प्रमुख मौजूद रहे। जिलाधीश ने स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुनने के साथ अधिकारियों को समाधान करने का निर्देश दिया है।