आंगनबाड़ीकर्मियों का धरना 24 तक स्थगित
अखिल ओडिशा आंगनबाड़ी महिला कर्मचारी संघ द्वारा पिछले महीने चार आंगनबाड़ी कर्मचारियों को बर्खास्त करने के विरोध में जिलापाल कार्यालय के सम्मुख जारी धरना प्रशासन के आश्वासन के बाद 24 जनवरी तक स्थगित कर दिया गया है।
संवाद सूत्र, सुंदरगढ़ : अखिल ओडिशा आंगनबाड़ी महिला कर्मचारी संघ द्वारा पिछले महीने चार आंगनबाड़ी कर्मचारियों को बर्खास्त करने के विरोध में जिलापाल कार्यालय के सम्मुख जारी धरना प्रशासन के आश्वासन के बाद 24 जनवरी तक स्थगित कर दिया गया है।
गुरुवार को उपजिलापाल तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी अभिमन्यु बेहेरा आंदोलनकारी आंगनबाड़ी कर्मचारियों से मिले। उनकी मांगों के संदर्भ में उन्होंने कहा कि आगामी 24 जनवरी को बर्खास्त कर्मचारियों की पुनर्नियुक्ति पर आदेश जारी किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने धरना प्रदर्शन बंद करने का अनुरोध किया। संघ द्वारा प्रशासन के आश्वासन का सम्मान करते हुए धरना आगामी 24 तक स्थगित किए जाने की सचिव विमला लाकरा ने सूचना दी है। साथ ही सभी संघ कर्मचारियों को एकजुट होकर आंदोलन में हिस्सा लेने, कष्ट सहकर दिन रात धरने पर डटे रहने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने मीडिया का भी उनके संघर्ष को जनसाधारण तक पहुंचाने में सहयोग करने के लिए धन्यवाद दिया।
गौरतलब है कि विगत सात दिसंबर को चार आंगनबाड़ी कर्मचारियों को बिना कोई नोटिस दिए या कारण बताए नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया था। इसके विरोध में संघ ने 13 दिसंबर से अब तक कई बार धरना दिया। बाद में भारतीय मजदूर संघ द्वारा अनुबंधित अखिल ओडिशा आंगनबाड़ी महिला कर्मचारी संघ द्वारा 15 जनवरी से सभी आंगनबाड़ी कर्मचारी, सहायिका व मिनी आंगनबाड़ी कर्मचारियों द्वारा दिनरात का धरना शुरू किया गया। प्रशासन के आश्वासन पर इसे स्थगित किया गया है।