किसानों को प्रोत्साहित करने डालमिया सीमेंट की पहल
कोरोना संक्रमण शुरुआत से ही डालमिया सीमेंट (भारत) लिमिटेड राजगांगपुर आसपास के इलाके में लोगों की सुविधाओं के लिए कदम उठा रही है।
संवादसूत्र, राजगांगपुर : कोरोना संक्रमण शुरुआत से ही डालमिया सीमेंट (भारत) लिमिटेड, राजगांगपुर आसपास के इलाके में लोगों की सुविधाओं के लिए कदम उठा रही है। इसी के तहत बुधवार को लांजीबेरना चूनापत्थर खादान के सामाजिक दायित्व विभाग (सीएसआर) ने टाउनशिप में एक साप्ताहिक सब्जी बिक्री केंद्र की स्थापना की। यहां किसान जैविक खाद से उगाई गई सब्जी बेच सकेंगे। शहर स्थित कंपनी टाउनशिप में सब्जी बिक्री केंद्र का उद्घाटन राजगांगपुर कारखाना मुख्य लोकेश कुमार बाहेती, लांजीबरना खादान प्रमुख सरोज कुमार राउत एवं संगम महिला मंडल की अध्यक्ष सुनीता गुप्ता ने पूजा अर्चना कर किया। बताया गया है कि लोग यहां से प्रति बुधवार सुबह 8 से 11 बजे तक सब्जी खरीद सकते हैं। लॉकडाउन की वजह से गरीब किसानों को बहुत नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। इस परिस्थिति को देखते हुए सीएसआर विभाग ने अंचल में जैविक खाद से खेतों में उगाई गई सब्जियों की बिक्री के लिए किसानों को स्थान मुहैया कराया है। उद्घाटन कार्यक्रम में भेलवाडीही, बिहाबंध, कुकुडामुंडा के किसान, कॉलोनीवासी, कंपनी के अधिकारी, मिलन महिला मंडल की प्रियंका बाहेती, रोजालिन राउत एवं संगम महिला मंडल के सदस्य मौजूद थे।