राजगांगपुर में फंसे बरातियों को पटना जाने की मिली अनुमति
कोरोना वायरस को लेकर जारी लॉक डाउन में फंसे लोगों का सब्र का बांध टूटने लगा है।
संवाद राजगांगपुर : कोरोना वायरस को लेकर जारी लॉक डाउन में फंसे लोगों का सब्र का बांध टूटने लगा है। इसे लेकर केंद्र सरकार फंसे श्रमिकों को उनके घरों तक पहुंचाने के लिए कुछ स्पेशल ट्रेन के जरिये भेजना भी आरंभ कर दिया है। राजगांगपुर शहर में विगत 18 मार्च को बिहार के शिवहर जिले से बारात रवानी चौक आई थी। शादी के बाद कुछ बराती निकल गए थे। लड़के के घर के 11 लोग रुक गए थे। लेकिन इसी बीच लॉक डाउन की अवधि फिर बढ़ जाने से वे यहां फंस गए। इसकी खबर मिलने पर बीजद अध्यक्ष राजेंद्र बेहरा ने उनसे मुलाकात कर उचित व्यवस्था कराने का भरोसा दिया। ऐसे ही बिहार के 26 श्रमिक राजगांगपुर काम करने आए थे और रवानी चौक पर किराए के मकान में रह रहे थे। इन श्रमिकों की व्यथा सुनकर इनकों भी घर भेजने की पहल बीजद अध्यक्ष ने की। मंगलवार को राजगांगपुर तहसीलदार रीना नायक ने इन सभी को उनके घर जाने की मंजूरी दे दी। इन सभी की स्क्रीनिग करने के बाद प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में बरातियों को विगर गाड़ी से एवं श्रमिकों को बस से रवाना किया गया।