महिलाएं जागीं तो पलट देंगी हर सीट पर बाजी
संबलपुर में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से महज पांच हजार 533 कम सामने आयी है। ऐसे में अगर आम चुनाव में जिले की महिलाएं अपने मताधिकार के प्रति जग जाती हैं तो वे किसी भी सीट पर बाजी पलटने की क्षमता रखती हैं।
संबलपुर, जेएनएन। आगामी लोकसभा व विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सूबे में चुनाव आयोग की ओर से संशोधित मतदाता सूची का प्रकाशन करने के साथ ही वितरण का कार्य शुरू कर दिया गया है। इसी के तहत संबलपुर जिला में भी अतिरिक्त जिलाधीश अजय कुमार जेना ने स्थानीय सर्किट हाउस में आयोजित एक कार्यक्रम में संशोधित मतदाता सूची को जारी किया।
इसके अनुसार, संबलपुर जिले में कुल 7 लाख 88 हजार 170 मतदाता हैं। इनमें से 3 लाख 96 हजार 809 पुरुष और 3 लाख 91 हजार 276 महिला एवं 85 अन्य हैं। इस तरह से जिले में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से महज पांच हजार 533 कम सामने आयी है। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि इस बार आम चुनाव में जिले की महिलाएं अपने मताधिकार के प्रति जग जाती हैं तो वे किसी भी सीट पर बाजी पलटने की क्षमता रखती हैं।
इतना ही नहीं विधानसभावार भी मतदाताओं की संख्या देखी जाए तो कुंचिडा क्षेत्र में तो आधी आबादी की संख्या पुरुषों पर भारी है। यहां कुल 2,09,794 मतदाताओं में 1,04,345 पुरुष और महिलाओं की संख्या 1,04,448 है। इसी तरह, संबलपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 1,98,555 मतदाता हैं। इनमें से 1,00, 986 पुरुष और 97, 526 महिला, रेंगाली विस क्षेत्र में 1,88,170 मतदाताओं में 94, 229 पुरुष और 93,919 महिला हैं, जबकि रेढ़ाखोल विधानसभा क्षेत्र में 1,91,656 मतदाताओं में 97,249 पुरुष और महिलाओं की संख्या 94,383 हैं।
इन सीटों पर भी महिला मतदाताओं की संख्या में पुरुषों से कुछ ही कम है। ऐसे में इस बार के आमचुनाव में सांसद व विधायक की जीत में महिलाओं की भूमिका विशेष होने जा रही है। मतदाता सूची जारी कार्यक्रम में उपजिलाधीश प्रदीप साहू, सहायक चुनाव अधिकारी ब्रजकिशोर साहू समेत विधायक डॉ. रासेश्वरी पाणिग्राही, कांग्रेस के आसफ अली खान, बसपा के मोहम्मद मुस्तकीम, निहाल ¨सह, सीपीआइ के एन गोपाल, प्रफुल्ल दास प्रमुख उपस्थित थे।