करोड़पति सब इंस्पेक्टर के घर पर विजिलेंस टीम का छापा, आलीशान बंगला सहित 86 लाख और करोड़ों की संपत्ति जब्त
भुवनेश्वर में एक सब इंस्पेक्टर के रूप में पदस्थ अभिमन्यु चौधरी के पास तीन करोड़ रुपए से अधिक की चल-अचल संपत्ति होने का खुलासा भुवनेश्वर विजिलेंस ने किया है। गुरुवार के दिन भुवनेश्वर विजिलेंस के 3 डीएसपी 11 इंस्पेक्टर और 6 एएसआई की टीम ने उनके घर पर छापा मारा।
संवाद सूत्र, संबलपुर : राजधानी भुवनेश्वर के तमांडो थाना में सब इंस्पेक्टर के रुप में पदस्थ अभिमन्यु चौधरी के पास तीन करोड़ रुपए से अधिक की चल- अचल संपत्ति होने का खुलासा भुवनेश्वर विजिलेंस ने किया है।
सब इंस्पेक्टर अभिमन्यु चौधरी के पास आय से अधिक संपति होने की शिकायत मिलने के बाद गुरुवार के दिन भुवनेश्वर विजिलेंस के तीन डीएसपी, 11 इंस्पेक्टर और छह एएसआई की टीम भुवनेश्वर विजिलेंस जज की ओर से जारी सर्च वारंट के बल पर सब इंस्पेक्टर के भुवनेश्वर और नयागढ़ जिला के तीन ठिकानों की तलाशी शुरु की और खबर लिखे जाने तक उसके पास तीन करोड़ रुपए से अधिक की चल- अचल संपत्ति होने का खुलासा हुआ है।
ओडिशा सरकार ने भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए पुलिस विभाग को फाइव टी उपक्रम में शामिल किया है, बावजूद इसके आदतदन मजबूर कुछ अधिकारी मिल ही जाते हैं जिन्हें बिना भ्रष्टाचार किए रात को नींद नहीं आती है। भ्रष्ट कमाई से आलीशान बंगला बनाने के साथ ही ऐशो आराम की जिंदगी जीते हैं। ऐसे ही एक भ्रष्ट पुलिस बाबू, विजिलेंस के पंजे में फंस गए हैं। पुलिस बाबू का नाम अभिमन्यु चौधरी है और वह भुवनेश्वर तमांडो थाना में सब इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं।
बता दें कि आय से अधिक संपत्ति होने का आरोप सामने आने के बाद विजिलेंस ने गुरुवार को भुवनेश्वर स्थित उनके पाइकनगर स्थित घर पर छापा मारा। इसके साथ ही नयागढ़ जिले के रणपुर जिले के नच्छीपुर स्थित पैतृक घर पर भी एक साथ छापा मारा।
छापेमारी के दौरान एसआई अभिमन्यु चौधरी के पास से बड़ी मात्रा में संपत्ति जब्त की गई है। भुवनेश्वर के पाइकनगर में उनका 4 मंजिला घर है। यह संपत्ति एक करोड़ रुपये की बताई जा रही है। इसी तरह उनके पास 4 प्लॉट हैं। उसके पाइकनगर स्थित घर से नकद डेढ़ लाख रुपये और भारी मात्रा में सोने के आभूषण जब्त किए गए हैं। इतना ही नहीं अभिमन्यु के पास बैंक में 86 लाख रुपये से अधिक की जमा राशि भी है। इस छापामारी में 3 डीएसपी, 11 इंस्पेक्टर और 6 एएसआई शामिल थे। अभिमन्यु चौधरी से अर्जित सभी संपत्तियों का मूल्यांकन किया जा रहा है। इसे लेकर और छानबीन चल रही है।
गौरतलब है कि खुर्दा जिले के बेगुनिया तहसीलदार पृथ्वीराज मंडल को बुधवार को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया। उनके पास से 45 हजार रुपए नकद जब्त किए गए। जमीन की किस्म बदलने के एवज में यह पैसा लेते हुए उन्हें पकड़ा गया।