कोबरा के साथ स्टंट में बरगढ़ का रोहित मेहेर गिरफ्तार
खतरनाक और जहरीले कोबरा के साथ स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद बरगढ़ वन विभाग नेगर के प्रधानपाली गांव के रोहित मेहेर को गिरफ्तार किया है।
संवादसूत्र, संबलपुर : खतरनाक और जहरीले कोबरा के साथ स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद बरगढ़ वन विभाग ने नगर के प्रधानपाली गांव में रहने वाले 27 वर्षीय रोहित मेहेर को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ वन्य जंतु सुरक्षा अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
बरगढ़ डीएफओ पी संदीप के अनुसार सोशल मीडिया में रोहित के स्टंट वीडियो वायरल होने के बाद जांच शुरू करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया है। वायरल वीडियो में युवतियों को कोबरा के साथ डांस करते और चुंबन लेते दिखाया गया है। ऐसा कर युवतियों की जान के साथ भी खेल खेला गया है। वाइल्डलाइफ वार्डन शुभेन्दु मल्लिक ने सोशल मीडिया में रोहित के इन वीडियो को देखने के बाद वाइल्डलाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो और चीफ वाइल्डलाइफ वार्डन से इसकी शिकायत की थी। शुभेन्दु के अनुसार रोहित रुपये कमाने की खातिर ऐसा स्टंट कर वीडियो बनाता था और युवतियों की जान भी खतरे में डाल रहा था। गिरफ्तार रोहित के पास से कोई कोबरा नहीं मिला, लेकिन सांप पकड़ने की एक छड़ी जब्त की गयी है। पूछताछ के दौरान वन अधिकारियों को पता चला है कि रोहित कोबरा को पकड़ने के बाद उसके साथ स्टंट वीडियो बनाता था। इसके लिए वह कुछ युवतियों को भी वीडियो में कोबरा के साथ स्टंट कराता था और इसके बाद कोबरा को जंगल में छोड़ देता था। वन्य जंतु सुरक्षा अधिनियम के तहत ऐसा करना गैरकानूनी है।