दो परिवार के पांच सदस्य मरणोपरांत करेंगे संपूर्ण शरीरदान
मरणोपरांत अंगदान और संपूर्ण शरीरदान करने को लेकर स्थानीय स्वेच्छाकृत रक्तदान संस्था उत्सर्ग द्वारा शुरू जागरूकता अभियान सफल होने लगा है।
संवाद सूत्र, संबलपुर : मरणोपरांत अंगदान और संपूर्ण शरीरदान करने को लेकर स्थानीय स्वेच्छाकृत रक्तदान संस्था उत्सर्ग द्वारा शुरू जागरूकता अभियान सफल होने लगा है। इस बार एक साथ दो परिवार के पांच सदस्यों ने इस अभियान को सफल बनाते हुए मरणोपरांत संपूर्ण शरीरदान करने का निर्णय लेने समेत इस आशय का कानूनी इच्छापत्र सौंपा है।
उत्सर्ग के वरिष्ठ व शरीरदान अभियान के सदस्य डॉ. विजय प्रधान ने बताया है कि मकर संक्रांति के दिन जिला के धमा थाना अंतर्गत बरगां निकटस्थ छचानपाली गांव के बुजुर्ग सुरेंद्र पाणिग्राही और उनकी पत्नी जमुना पाणिग्राही ने अपने परिवारवालों की सहमति के बाद मरणोपरांत अपना संपूर्ण शरीरदान करने की इच्छा व्यक्त करने समेत इस आशय का हस्ताक्षरित कानूनी इच्छापत्र संस्था को सौंपा है। इसी तरह शहर हर के गिगिरापाड़ा निवासी जयदेव बिसि, उनके पुत्र गोपालकृष्ण बिसि और पुत्रवधू लिप्सा पंडा ने भी मरणोपरांत संपूर्ण शरीरदान करने का इच्छापत्र उत्सर्ग को सौंपा है। इच्छापत्र सौपते समय संस्था के प्रवीण दीक्षित, रुद्रनारायण मिश्र, प्रशांत पाटजोशी, लोकनाथ पांडे, लक्ष्मण पाणिग्राही प्रमुख ने उनका अभिनंदन करने समेत अन्य लोगों से भी संपूर्ण शरीरदान अभियान में शामिल होने का आह्वान किया।