सोहेला गोलीकांड के दो आरोपितों को मिल गई हाईकोर्ट से जमानत
बीजेपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक सुबल साहू की वर्ष 2017 में मृत्यु के बाद इस सीट के लिए 24 फरवरी 2018 को उपचुनाव हुआ था।
संबलपुर, जेएनएन। बरगढ़ जिला के बीजेपुर उपचुनाव से दो दिन पूर्व, 22 फरवरी 2018 की रात बनाबिरा आश्रम के सामने भाजपा-बीजद समर्थकों के बीच हुर्ई हिंसक झड़प में बीजू जनता दल के कार्यकर्ता दिलेश्वर साहू की गोली लगने से मौत हो गई थी।
इस मामले में गिरफ्तार भाजपा के पूर्व मंत्री जयनारायण मिश्र को हाईकोर्ट से सशर्त जमानत मिलने के बाद उनके साथ पकड़े गए दो समर्थक शिवकुमार दीवान और प्रिंस सोनी को भी उच्च न्यायालय से जमानत मिल गई है। वर्तमान यह दोनों समर्थक सोहेला उपकारा में बंद हैं। इनकी रिहाई के बाद संबलपुर में भाजपा की ओर से दोनों के स्वागत की तैयारी की जा रही है।
हालांकि पूर्व मंत्री जयनारायण मिश्र को जमानत जुलाई में मिली थी, जबकि उनके समर्थकों की रिहाई का मार्ग पांच महीने बाद प्रशस्त हो रहा है। उल्लेखनीय है कि बीजेपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक सुबल साहू की वर्ष 2017 में मृत्यु के बाद इस सीट के लिए 24 फरवरी 2018 को उपचुनाव हुआ था। उपचुनाव को जीतने के लिए बीजद और भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी। उपचुनाव से दो दिन पूर्व 22 फरवरी की रात सोहेला थाना अंतर्गत बनाबिरा आश्रम के सामने बीजद और भाजपा समर्थकों में हिसंक
झड़प हुई थी।
बीजद के मंत्री सुशांत सिंह के भाई सुब्रत सिंह और उनके तीन समर्थक इस झड़प में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सुब्रत के के गाड़ी चालक दिलेश्वर साहू की गोली लगने से इलाजरत अवस्था में मौत हो गई थी। इस मामले में सोहेला थाना पुलिस ने पूर्व मंत्री जयनारायण और उनके समर्थकों के खिलाफ भादवि की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर 15 मार्च को संबलपुर से पूर्व मंत्री और उनके समर्थक शिवकुमार दीवान और प्रिंस सोनी को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के नौ महीने बाद शिवकुमार और प्रिंस सोनी को जमानत मिलने से खुशी का माहौल है।