संबलपुर के एसपी संजीव अरोरा का इंटेलीजेंस ब्यूरो में तबादला
जुलाई 2017 में संबलपुर एसपी के रूप में पदस्थ संजीव अरोरा को बीते वर्ष डीआइजी के रूप में पदोन्नति मिलने के बाद अब उन्हें प्रतिनियुक्ति पर नई दिल्ली तबादला किया गया है।
संसू, संबलपुर : जुलाई 2017 में संबलपुर एसपी के रूप में पदस्थ संजीव अरोरा को बीते वर्ष डीआइजी के रूप में पदोन्नति मिलने के बाद अब उन्हें प्रतिनियुक्ति पर नई दिल्ली तबादला किया गया है। नई दिल्ली में अरोरा अगले करीब चार वर्ष तक इंटेलीजेंस ब्यूरो (आइबी) में एडिशनल डिप्टी डायरेक्टर के रूप में कार्य करेंगे। उनके स्थान पर संबलपुर में नया एसपी नियुक्त किया जाएगा। लेकिन अब तक यह पता नहीं चला है कि किसे नियुक्त किया जाएगा।
मूलरूप से पंजाब के निवासी संजीव अरोरा वर्ष 2005 बैच के आइपीएस अधिकारी हैं। वह प्रोबेशनरी आइपीएस के रूप में भी पहले संबलपुर में कार्य कर चुके थे। संबलपुर एसपी के रूप में तबादले से पूर्व वह कटक के डीसीपी रह चुके थे। संबलपुर एसपी के रूप में उन्होंने खास तौर पर नशा, जुआ, जनसंपर्क शिविर, अपराध नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया।