संबलपुर में नवचेतना की सदस्य ने की आत्महत्या
मंगलवार की सुबह खेतराजपुर इलाके सहित पूरे शहर में उस समय शोक की लहर फैल गई जब लोगों को पता चला कि निशा अग्रवाल ने आत्महत्या कर ली है।
संसू, संबलपुर : मंगलवार की सुबह खेतराजपुर इलाके सहित पूरे शहर में उस समय शोक की लहर फैल गई जब लोगों को पता चला कि निशा अग्रवाल ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली है। निशा खेतराजपुर मारवाड़ी महिला समिति और नवचेतना महिला शाखा की सदस्य होने के साथ-साथ अपने घर में बुटीक भी चलाती थीं। निशा के पति पराग अग्रवाल उत्कल प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष रह चुके है। जबकि ससुर दिवंगत प्रहलाद राय अग्रवाल संबलपुर नगरपालिका परिषद के पार्षद और भाजपा के जानेमाने नेता थे। मूलरूप से राउरकेला की रहने वाली निशा का विवाह वर्ष 2001 में पराग के साथ हुआ था। दोनों का एक बेटा और एक बेटी है।
घटनाक्रम के अनुसार, निशा कार्तिक का व्रत रखने के साथ सोमवार की रात तुलसी विवाह समारोह में शामिल हुई थीं। हमेशा की तरह सब के साथ हंस-बोल रही थी। पति पराग श्याम महोत्सव में शामिल होने गए थे। रात भर पराग महोत्सव में थे तथा उन्होंने कई बार निशा को फोन भी किया। लेकिन कोई जबाव नही मिलने के बाद पराग भोर को घर लौटे तो उन्हें घर का मुख्य द्वार बंद मिला। घर के एक कमरे में निशा की लाश झूल रही थी। यह जानकर सब स्तब्ध रह गए और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेजने समेत घटना की छानबीन कर रही है।