शीतलषष्ठी यात्रा को लेकर पुलिस का रूट मार्च
संसू, संबलपुर : प्रसिद्ध शीतलषष्ठी यात्रा और ईद पर शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला पुलि
संसू, संबलपुर : प्रसिद्ध शीतलषष्ठी यात्रा और ईद पर शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला पुलिस की ओर से विशेष व्यवस्था की गई है और 32 प्लाटून से अधिक पुलिस और सुरक्षा बल को तैनात किया गया है। इसके अलावा शहर के विभिन्न स्थानों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी भी लगाया गया है। शुक्रवार की शाम ओडिशा सशस्त्र पुलिस बल और ओडिशा स्विफ्ट फोर्स के जवानों ने कई इलाकों में रूट मार्च भी किया।
पुलिस अधीक्षक संजीव अरोरा ने बताया कि रूट मार्च के द्वारा पुलिस और सुरक्षा बल के जवानों को शीतलषष्ठी यात्रा गुजारने वाले रास्तों से अवगत कराया गया। इसके अलावा शहर में पहली बार ओडिशा स्विफ्ट एक्शन फोर्स की एक कंपनी को तैनात किया गया है जो रैपिड एक्शन फोर्स के समकक्ष है। शीतलषष्ठी के दौरान शहर में कानून व्यवस्था और शांति बनाए रखने की खातिर चार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, 18 सहायक पुलिस अधीक्षक, 40 इंस्पेक्टर, 164 सब इंस्पेक्टर व सहायक सब इंस्पेक्टर, 213 कांस्टेबल व हवलदार, 350 होमगार्ड को ड्यूटी पर लगाया गया है। शीतलषष्ठी के दौरान शराब पीकर उपद्रव करनेवालों की धरपकड़ के लिए अलग से व्यवस्था की गई है और महिलाओं की सुरक्षा के लिए सादे पोशाक में पुलिसकर्मियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर पुलिस कैंप और टाउन थाना में पुलिस कंट्रोल रूम शुरू किया गया है।