आय से अधिक संपति में प्रधान शिक्षक प्रमोद गिरफ्तार, पश्चिम ओडिशा के तीन जिलों में विजिलेंस की जांच
आय से अधिक संपति में प्रधान शिक्षक प्रमोद गिरफ्तार। 4 करोड़ 26 लाख से अधिक की चल- अचल संपति। पश्चिम ओडिशा के तीन जिलों में विजिलेंस की जांच। प्रधान शिक्षक पाणिग्राही और उसके परिवार के सदस्यों के नाम काफी कुछ मिला।
संबलपुर, संवाद सूत्र। विद्यार्थियों को नैतिकता का पाठ पढ़ाने वाला एक प्रधान शिक्षक इस बार खुद अनैतिक कार्य के आरोप में पकड़ा गया। विजिलेंस ने पश्चिम ओडिशा के तीन जिलों में प्रधान शिक्षक के अलग अलग ठिकानों में औचक छापेमारी और जांच कर उसके पास आय से अधिक की चल- अचल संपति का खुलासा किया। यह संपति 4 करोड़ 26 लाख 44 हजार 396 रुपए की बताई गई है। माना जा रहा है कि ओडिशा में शायद यह पहला बड़ा मामला है, जिस्में किसी शिक्षक के पास इतनी अधिक संपति का खुलासा हुआ।
संबलपुर मंडल विजिलेंस के सूत्र के अनुसार, बरगढ़ जिला के बिजेपुर ब्लॉक अंतर्गत गंठियापाली पंचायत हाईस्कूल के प्रधान शिक्षक प्रमोद कुमार पाणिग्राही के खिलाफ आय से अधिक की संपति होने की शिकायत मिलने के बाद बुधवार के दिन विजिलेंस की तीन अलग अलग टीम ने प्रधान शिक्षक पाणिग्राही के कार्यस्थल गंठियापाली पंचायत हाईस्कूल के प्रकोष्ठ समेत बरगढ़ जिला के बरपाली ब्लॉक अंतर्गत तिलेईमाल गांव स्थित पैतृक मकान, बरपाली शहर के कपिलेश्वर नगर स्थित मकान और सोनपुर जिला के डुंगरीपाली स्थित आलिशान मकान में जांच पड़ताल शुरु किया। देर रात तक चली इस जांच पड़ताल के बाद प्रधान शिक्षक पाणिग्राही के पास अकूत संपति होने का खुलासा हुआ।
विजिलेंस के अनुसार, प्रधान शिक्षक पाणिग्राही और उसके परिवार के सदस्यों के नाम बरपाली के कपिलेश्वर नगर में 27 लाख 33 हजार 249 रूपए का एक मंजिला मकान, बरपाली के तिलेईमाल गांव में एक करोड़ 2 लाख 99 हजार 691 रुपए का दो मंजिला मकान, सोनपुर जिला के डुंगरीपाली में एक करोड़ 80 लाख 70 हजार 410 रुपए का मकान, बरगढ़ और सोनपुर जिला के विभिन्न स्थानों में 34 लाख 4 हजार 523 रुपए के 12 प्लॉट्स, 7 लाख 84 हजार रुपए का एक हुंडई कार, 5 लाख 60 हजार रुपए का एक ट्रेक्टर, एक लाख 20 हजार 239 रुपए के दो बाइक, विभिन्न बैंक खातों में 6 लाख 42 हजार 629 रुपए की जमा राशि, विभिन्न वितीय संस्थाओं में 22 लाख 6 हजार 170 रुपए का निवेश, करीब 8 लाख 49 हजार 759 रुपए के सोने के गहने, बरगढ़ और बरपाली के दो बैंक लॉकर से 5 लाख 64 हजार 872 रुपए के सोने- चांदी के गहने, करीब 4 लाख 92 हजार 230 रुपए के घरेलु उपकरण और नकद 19 लाख 26 हजार 640 रुपए जब्त किए गए।