गांजा की अवैध खेती के खिलाफ संयुक्त अभियान
पिछले कुछ वर्षों की चुप्पी के बाद जिला पुलिस और आबकारी विभाग की ओर से गांजा की अवैध खेती के खिलाफ अभियान शुरू किया गया है।
संवाद सूत्र, संबलपुर : पिछले कुछ वर्षों की चुप्पी के बाद जिला पुलिस और आबकारी विभाग की ओर से गांजा की अवैध खेती के खिलाफ अभियान शुरू किया गया है। बुधवार से शुरू इस अभियान के पहले दिन, जिला के नाकटीदेऊल थाना अंतर्गत हितसरा जंगल में चोरी छिपे उगाए गए 1450 गांजा के पौधों को उखाड़कर जला दिया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक बाटुला गंगाधर के अनुसार, बुधवार को नाकटीदेऊल पुलिस और आबकारी विभाग की साझेदारी में हितसरा जंगल के चार स्थानों में करीब ग्यारह डिसमिल में अवैध रूप से उगाए गए गांजा पौधों को उखाड़कर जला दिया गया। इस गांजा खेती के बारे में गुप्त सूचना मिलने के बाद यह अभियान चलाया गया। उन्होंने लोगों से ऐसे अवैध कारोबार के बारे में पुलिस और आबकारी विभाग को सूचित करने का निवेदन करने समेत बताया है कि सूचना देने वालों का परिचय गुप्त रखा जाएगा। तालाब में डूबे युवक का शव मिला: स्थानीय मोतीझरण इलाके के तालाब में डूबे युवक का शव मंगलवार को बरामद कर पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद परिवार को सौंप दिया गया। एक सप्ताह पहले भी इसी इलाके के एक तालाब में डूबने से एक नाबालिग तुलसी मुंडा की मौत हो गई थी। मोतीझरण निकटस्थ मुंडापाड़ा के 35 वर्षीय सुकदेव मुंडा का शव मंगलवार को इलाके के एक तालाब से मिला। सुकदेव सोमवार की रात तालाब की ओर गया था और वापस घर नहीं लौटा था। मंगलवार को स्थानीय लोगों ने उसका शव तालाब में तैरते देख पुलिस को सूचित किया। पुलिस तालाब से उसका शव निकालने के बाद अपमृत्यु का मामला दर्ज किया है।