पुलिस जांच का चकमा देकर महिला से उतरवा ले गए गहने
शहर के बुढाराजा इलाके में सोने के गहने पहनने वाली महिलाएं अब सुरक्षित नहीं रह गया ।
संसू, संबलपुर : शहर के बुढाराजा इलाके में गहने पहनने वाली महिलाएं अब सुरक्षित नहीं हैं। गहने पहनकर घर से निकलने वाली महिलाओं पर अब लुटेरों की पैनी नजर है। पिछले कई वर्षों से इलाके की महिलाएं ऐसी लूट का शिकार हो रहीं हैं। लेकिन बाइक सवार लुटेरे पुलिस की पकड़ में नहीं आ रहे हैं। शुक्रवार को भी इलाके की एक महिला ऐसी लूट का शिकार होकर करीब चार तोला सोने के गहने गंवा बैठी। घटना की शिकायत थाना में दर्ज होने के बाद अईंठापाली पुलिस बाइक सवार लुटेरों की तलाश कर रही है। यहां बताना उचित होगा कि कुछ महीने पहले जिला पुलिस की ओर से शहर के विभिन्न स्थानों में सीसीटीवी कैमरे लगाये गए। शहर में अपराध को कम करने और अपराधियों पर नजर रखने की खातिर लाखों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद ऐसे लूटेरे कैमरे में कैद नहीं हो पा रहे हैं और पुलिस का सिर दर्द बढ़ा रहे हैं।
अईंठापाली थाना अंतर्गत जगन्नाथ कॉलोनी इलाके में रहने वाली पद्मिनी पाणि शुक्रवार को पूर्वाह्न बाजार करने निकली थी। बाजार से वापस घर लौटते समय जगन्नाथ कॉलोनी पार्क के निकट दो बाइक में सवार तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया और खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए आगे जांच की बात कही। उन्होंने पद्मिनी को बताया कि कुछ देर पहले इलाके में एक महिला से गहने की लूट और हत्या हुई है। ऐसे में उन्हें भी अपने गहने उतार देना चाहिए। पद्मिनी उनके झांसे में आकर अपने गले की चेन, दो चूड़ी और एक अंगूठी उतार दी। तब तीनों युवकों ने उनके गहने रखने के लिए एक कागज दिया और चालाकी से गहने बदलने की कोशिश की। लेकिन पद्मिनी ने अपने गहनों को पर्स में रख लिया। तब युवक उनसे पर्स छीनकर बुढ़ाराजा की ओर फरार हो गए। पद्मिनी के अनुसार लुटेरों की बाइक में नंबर प्लेट नहीं थी। ऐसे में सवाल खड़ा होता है कि नए ट्रैफिक नियम के बाद पुलिस नियमों का उल्लंघन करने वालों से जुर्माना वसूलने में कोई कोताही नहीं बरतती। लेकिन नियम लागू होने के बीस दिन बाद भी बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर पुलिस की नजर क्यों नहीं पड़ रही।