जुआन परब में इंदौर का देवी अहिल्या विवि चैंपियन
संबलपुर विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित 34वां अंतर विश्वविद्यालय केंद्रीय जोन युवा महोत्सव-जुआन परब सफलता के साथ संपन्न हो गया।
संसू, संबलपुर : संबलपुर विश्वविद्यालय परिसर में स्थित बीजू पटनायक प्रेक्षालय में आयोजित 34वां अंतर विश्वविद्यालय केंद्रीय जोन युवा महोत्सव 'जुआन परब' सफलता के साथ संपन्न हो गया। भारतीय विश्वविद्यालय संघ की ओर से प्रायोजित इस महोत्सव में वर्ष 2018 चैंपियन का खिताब इंदौर के देवी अहिल्या विश्वविद्यालय ने जीता।
समापन सह पुरस्कार वितरण समारोह में संबलपुर विवि के कुलपति प्रो. दीपक कुमार बेहरा, पोस्ट ग्रेजुएट कांउसिल के अध्यक्ष एके दास, कुलसचिव संजत कुमार साहू व कार्यक्रम के संयोजक प्रो. बुलू महाराणा विशेष रूप से उपस्थित रहे। महोत्सव में विभिन्न विवि से आए 27 प्रतिभागियों में पांच वर्गो में अपनी कला का प्रदर्शन किया। संगीत संकाय में इंदौर के देवी अहिल्या विवि, नृत्य में भोपाल के रवींद्रनाथ टैगोर विवि, बौद्धिक प्रतियोगिता में देवी अहिल्या विवि, थियेटर में ग्वालियर के राजा मानसिंह तोमर संगीत व कला विवि और फाइन आर्ट में बुंदेलखंड विवि, झासी ने चैंपियन का खिताब हासिल किया। जबकि ऑलराउंड प्रतियोगिता में देवी अहिल्या विवि ने बाजी मार ली। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ के इंदिरा संगीत व कला विवि को रनर्सअप का पुरस्कार मिला। समापन दिवस पर आयोजित सांस्कृतिक रैली में मध्यप्रदेश के एकेएस विश्वविद्यालय और झांसी के बुंदेलखंड विश्वविद्यालय को प्रथम, छत्तीसगढ़ के डॉक्टर सीवी रमण विवि और भोपाल के रवींद्र नाथ टैगोर विवि को द्वितीय, ओडिशा के कोरापुट के केंद्रीय विवि और संबलपुर विश्वविद्यालय को तृतीय विजेता घोषित किया गया।