गोली से बाल-बाल बचे शिक्षक दंपती, जांच जारी
संबलपुर से अपने गांव डईंचा लौट रहे शिक्षक दपंती धल रविवार की शाम गोली का शिकार होने से बाल-बाल बच गए।
संसू, संबलपुर : संबलपुर से अपने गांव डईंचा लौट रहे शिक्षक दपंती धल रविवार की शाम गोली का शिकार होने से बाल-बाल बच गए। गोली शिक्षक क्षमानिधि धल के गर्दन को रगड़ते हुए उनके जैकेट में फंस गई। थाना में शिकायत दर्ज होने और गोली का खोखा जब्त करने के बाद रेढ़ाखोल पुलिस घटना की जांच में जुट गयी है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि शिक्षक दंपती पर जानबूझ कर गोली चलायी गई थी या गोली भटक कर दपंती की ओर आ गई।
घटनाक्रम के अनुसार, रेढ़ाखोल थाना अंतर्गत डईंचा गांव निवासी शिक्षक क्षमानिधि धल रविवार को अपनी पत्नी टिकिना धल के साथ संबलपुर आए थे। शाम के समय दोनों बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। तभी रेढ़ाखोल-डईंचा मार्ग पर स्थित मुटुरुमुंडा घाटी में एक गोली शिक्षक क्षमानिधि के गर्दन को रगड़ते हुए उनके जैकेट में फंस गई। इस संबंध में धल दपंती ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि गोली बाइक से पीछा कर रहे दो युवकों ने चलाई थी। गोली चलाकर दोनों फरार हो गए । उन्होंने यह भी बताया है कि उनकी किसी से दुश्मनी नहीं है। ऐसे में गोलीकांड की यह घटना और अधिक गहरा गई है।